बड़ी खबरः एक बार फिर कर्नाटक पहुंचे पीएम मोदी! रोड़ में लोगों ने की फूलों की बरसात, राहुल के लंदन में दिए भाषण पर साधा निशाना
नई दिल्ली। कर्नाटक में दो माह बाद विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसको लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गयी हैं। इसी क्रम में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर राज्य के दौरे पर मांड्या और हुबली-धारवाड़ पहुंचे। पिछले दो महीने से भी कम समय में मोदी राज्य में छठी बार आए हैं। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले कांग्रेस-जेडीएस के गढ़ मंड्या में रोड शो किया और फिर एक जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद वे हुबली-धारवाड़ पहुंचे और IIT धारवाड़ का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने इशारों-इशारों में राहुल गांधी पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लंदन में भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाए गए। भारत के लोकतंत्र की जड़ें, हमारे सदियों के इतिहास से सींची गई हैं। दुनिया की कोई ताकत भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं को नुकसान नहीं पहुंचा सकती। इसी महीने की शुरुआत में राहुल गांधी 3 दिन के लंदन दौरे पर थे। यहां उन्होंने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में कहा था कि संसद में माइक बंद कर दिए जाते हैं। विपक्ष अपनी आवाज नहीं रख सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का कोई नेता किसी भी यूनिवर्सिटी में बोल नहीं सकता है। भारत में लोकतंत्र पर सीधा प्रहार हो रहा है।