बड़ी खबरः गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे फ्रांस के राष्ट्रपति! भारत ने भेजा निमंत्रण, बतौर मुख्य अतिथि करेंगे शिरकत
नई दिल्ली। 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रो बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। शुक्रवार को इसकी जानकारी दी गयी। भारत ने इस अवसर पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को आमंत्रित किया था लेकिन उन्होंने जनवरी में नयी दिल्ली की यात्रा करने में असमर्थता जतायी। सूत्रों ने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। इससे पहले, दोनों नेताओं की मुलाकात जुलाई में बैस्टिल डे परेड में शामिल होने के लिए पीएम मोदी की फ्रांस यात्रा के दौरान हुई थी। पीएम मोदी ने बैस्टिल दिवस समारोह में सम्मानित अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया। फ्रांस को भारत का निमंत्रण पश्चिमी यूरोपीय देश के साथ उसके घनिष्ठ संबंधों का भी संकेत देता है। दोनों देशों के बीच रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने भी इस साल सितंबर में भारत की अध्यक्षता में आयोजित G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत का दौरा किया था। राष्ट्रपति मैक्रॉन और प्रधानमंत्री मोदी ने 10 सितंबर को G20 शिखर सम्मेलन के मौके पर दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की थी। बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा था कि उन्होंने भारत-फ्रांस संबंधों को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी।