बड़ी खबरः हैदराबाद पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी! तेलंगाना में वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, सीएम केसीआर ने कार्यक्रम से बनाई दूरी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज हैदराबाद दौरे पर हैं। यहां पहुंचने पर राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन और अन्य लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। पीएमओ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी आज तेलंगाना में 11,360 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर पीएम मोदी ने हैदराबाद में सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। बता दें कि ये देश की 13वीं वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Train) है। यह ट्रेन सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन आईटी सिटी, हैदराबाद को भगवान वेंकटेश्वर के निवास स्थान तिरुपति से जोड़ती है। यह तीन महीने की छोटी अवधि के भीतर तेलंगाना से शुरू की जाने वाली दूसरी वंदे भारत ट्रेन है। बता दें कि ये ट्रेन दोनों शहरों के बीच की यात्रा के समय को लगभग साढ़े तीन घंटे कम कर देगी और तीर्थयात्रियों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद होगी। हैदराबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स बीबीनगर का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं, सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और अन्य विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।