• Home
  • News
  • Big News: Rahul Gandhi launches a scathing attack on the Central Government and CEC Gyanesh Kumar! He says, "You have lost your sleep; we will not spare you."

बड़ी खबरः राहुल गांधी का केंद्र सरकार और CEC ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला! बोले- आपकी नींद उड़ गई है, हम आपको बख्शेंगे नहीं

editor
  • Awaaz Desk
  • October 12, 2026 08:10 AM
Big News: Rahul Gandhi launches a scathing attack on the Central Government and CEC Gyanesh Kumar! He says, "You have lost your sleep; we will not spare you."

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि सरकार के 200 अधिकारी विपक्ष के संपर्क में हैं और उन्हें महत्वपूर्ण जानकारियां दे रहे हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शनों के कारण उनकी नींद उड़ गई है। राहुल गांधी ने सवाल किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा कब देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी ने कहा, ‘ज्ञानेश कुमार, आपकी नींद उड़ गई है। हम आपको बख्शेंगे नहीं। हमें आपके अतीत और आपके भ्रष्टाचार के बारे में पता है।’ उन्होंने दावा किया कि सरकार के 200 अधिकारी विपक्ष के संपर्क में हैं और उन्हें जानकारियां उपलब्ध करा रहे हैं। राहुल गांधी ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और जगह-जगह प्रतिबंध लगाए जाने का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त को बचाना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि देश के लोग देखें कि ज्ञानेश कुमार को किस तरह सुरक्षा दी जा रही है। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि दिल्ली को इस तरह कैद क्यों किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि लोगों को राजधानी आने से रोका जा रहा है और ट्रेन तथा बसों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। उनके मुताबिक, दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है और हर तरफ पुलिस तैनात है। राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला। राहुल गांधी के अनुसार, सीजेआई ने जवाब में उन्हें याचिका दायर करने के लिए कहा है। उन्होंने घोषणा की कि वह और इंडिया ब्लॉक के सांसद सोमवार दोपहर तीन बजे सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेंगे। विपक्षी दलों का कहना है कि वे चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका से जुड़े मुद्दों को अदालत के समक्ष उठाना चाहते हैं।

चुनावी प्रक्रिया को लेकर बढ़ा सियासी टकराव
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष और केंद्र सरकार के बीच राजनीतिक टकराव लगातार तेज हो रहा है। इंडिया ब्लॉक के नेता इससे पहले सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की तैयारी में थे। वहीं, मुख्य न्यायाधीश ने सांसदों से मुलाकात करने से इनकार करते हुए कहा है कि अदालत के दरवाजे सभी नागरिकों के लिए खुले हैं और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। राहुल गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम को देश के भविष्य की लड़ाई बताया। अब सबकी नजरें इंडिया ब्लॉक की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर की जाने वाली याचिका और उस पर होने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।


संबंधित आलेख: