• Home
  • News
  • Big news: RSS Chief Dr. Mohan Bhagwat to begin a three-day visit to Uttarakhand tomorrow! He will also participate in the centenary celebrations at Shantikunj.

बड़ी खबरः आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास कल से! शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में भी करेंगे शिरकत

editor
  • Awaaz Desk
  • November 19, 2026 08:11 AM
Big news: RSS Chief Dr. Mohan Bhagwat to begin a three-day visit to Uttarakhand tomorrow! He will also participate in the centenary celebrations at Shantikunj.

देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 20 से 22 नवंबर तक उत्तराखंड के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने बताया कि इस महत्वपूर्ण प्रवास के दौरान डॉ. भागवत रुड़की में क्षेत्र और प्रांत के प्रमुख पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें और संवाद करेंगे। प्रांत कार्यवाह के अनुसार, इन बैठकों में मुख्य रूप से संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत वर्षभर संचालित कार्यक्रमों और सेवा गतिविधियों की गहन समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श होगा, जिससे भविष्य की कार्ययोजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से संघ के ‘पंच परिवर्तन’ सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, ‘स्व’ का बोध (स्वदेशी) और नागरिक कर्तव्य को धरातल पर उतारने पर विशेष जोर रहेगा। बैठकों में इन पांच आयामों के साथ-साथ देशव्यापी नशामुक्ति अभियान को जन-सहभागिता के माध्यम से आगे बढ़ाने की ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। सरसंघचालक के इस प्रवास का विशेष आकर्षण हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज का शताब्दी समारोह भी रहेगा। डॉ. भागवत इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होंगे। आध्यात्म, शिक्षा, संस्कार और समाज सुधार के क्षेत्र में गायत्री परिवार की रचनात्मक भूमिका को देखते हुए समारोह में उनकी उपस्थिति को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


संबंधित आलेख: