बड़ी खबरः घने जंगलों में आतंकियों की तलाश! सेना ने डाला डेरा, पुंछ और राजौरी जिले में मोबाइल इंटरनेट बंद
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के देहरा गली में सैन्य वाहन पर हुए आतंकी हमले के तीसरे दिन भी सुरक्षा बलों द्वारा आतंकियों की तलाश की जा रहा है। सेना के जवान घने जंगलों के चलते धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं। वहीं पुंछ और राजौरी जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। बता दें कि पुंछ जिले के बफलियाज इलाके के सावनी इलाके में गुरूवार की शाम आतंकियों के घात लगाकर दो सैन्य वाहनों पर किए गए हमले में पांच जवान बलिदान हो गए, जबकि दो जवान घायल भी हुए हैं। दहशतगर्दों ने पहले ग्रेनेड दागे, फिर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। दो जवानों के शव क्षत विक्षत भी कर दिए गए हैं। बताते हैं कि डेरा गली से बफलियाज की ओर से 48 राष्ट्रीय राइफल्स के दो वाहन आ रहे थे। इनमें एक जिप्सी तथा दूसरा ट्रक था। राजोरी-थन्नामंडी-सुरनकोट रोड पर सावनी इलाके में पहले से घात लगाए आतंकियों ने सैन्य वाहन देखते ही पहले ग्रेनेड दागा। इससे दोनों वाहनों के रुकते ही आतंकियों ने चारों ओर से घेरकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आतंकियों की संख्या चार से छह बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सैन्य वाहन से बफलियाज इलाके से जवानों को लाया जा रहा था जहां बुधवार रात से घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चल रहा था।