बड़ी खबरः पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में मची भगदड़! तीन की मौके पर ही मौत, 50 से अधिक घायल

नई दिल्ली। ओडिशा के पुरी से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। रविवार सुबह करीब 4ः30 बजे जब भक्त श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने भगवान के दर्शन करने के लिए भारी संख्या में जमा थे, उसी दौरान वहां भगदड़ मच गई। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत पुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह घटना शरधाबली के पास, श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने उस वक्त हुई जब रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए भारी भीड़ जमा थी। जानकारी के मुताबिक दर्शन के समय भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया और लोगों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ लोग जमीन पर गिर पड़े और भगदड़ की स्थिति बन गई। इसी दौरान 3 लोग भीड़ के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक खुर्दा जिले के बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो महिलाएं प्रभाती दास और बसंती साहू और 70 वर्षीय प्रेमाकंत महांती शामिल हैं। ऐसे बड़े धार्मिक आयोजन में जहां लाखों लोग जुटते हैं, वहां भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी पर सवाल उठने लगे हैं। घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज कर रही है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुरी की रथ यात्रा देश की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक है। हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन के लिए पुरी पहुंचते हैं। रथ यात्रा के दौरान भगवान को श्रीमंदिर से बाहर लाकर श्रीगुंडिचा मंदिर तक ले जाया जाता है, जहां वे कुछ दिन विश्राम करते हैं. इसी यात्रा के बीच यह हादसा हुआ।