बड़ी खबरः बिहार के सासाराम और नालंदा में अब भी तनावपूर्ण स्थिति! इंटरनेट बंदी के साथ धारा 144 लागू, गृहमंत्री शाह का दौरा हुआ रद्द
नई दिल्ली। बिहार के सासाराम और नालंदा में अब भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसा के बाद से लगातार तनाव बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर इंटरनेट बंद कर दिया गया है और धारा 144 को सख्ती से लागू कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। इधर सासाराम में तनाव के कारण गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। दोनों जिलों में दोनों पक्षों के चुनिंदा लोगों के साथ कुछ घंटे में पुलिस शांति समिति की बैठक भी करने जा रही है। गृह मंत्री अमित शाह के सासाराम दौरे के मद्देनजर हालात पर काबू पाने का प्रयास तेज बताया जा रहा था। लेकिन, कार्यक्रम स्थल के आसपास धारा 144 लागू रहने और स्थिति तनावपूर्ण रहने के कारण शाह का दौरा रद्द कर दिया गया है। ताजा हालत यह है कि कादिरगंज, मुबारकगंज, चौखंडी नवरत्न बाजार में दुकानों के साथ घरों के दरवाजे भी बंद हैं। इसके बावजूद शनिवार को भी 10 मिनट के लिए पथराव की सूचना आई। इसमें किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। लेकिन, यह घटना बता रही है कि तनाव अब भी है। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके को छावनी के रूप में बदल चुकी है। सड़क पर रातम में गश्ती चलती रही और सुबह भी वही हालात हैं। एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दो लोगों पर केस दर्ज हुआ है। धारा 144 लागू रहने की जानकारी पुलिस माइक के जरिए दे रही है। इंटरनेट सेवा ठप रखकर अफवाहों को रोकने का प्रयास जारी है। पुलिस शांति समिति की बैठक की तैयारी में लगी है। 12 बजे शांति समिति की बैठक के लिए दोनों पक्ष से चुनिंदा लोगों को बुलाया गया है।