बड़ी खबरः जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकी घुसपैठ की साजिश नाकाम! सेना ने मार गिराया एक आतंकी, कैमरे में कैद हुए तीन घुसपैठिए
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना के जवानों ने शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात आतंकी घुसपैठ की साजिश को नाकाम करने में सफलता हासिल की है। खबरों की मानें तो जम्मू संभाग के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय सेना के जवानों ने आतंकी गतिविधि की सूचना पर मोर्चा संभालते हुए दो आतंकियों को पकड़ लिया। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक आतंकी घायल हो गया, जबकि तलाशी अभियान में एक आतंकी की लाश बरामद की गयी। पकड़े गए आतंकियों के पास से कोई हथियार नहीं मिला है। इलाके में अभी भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा हैं। इसस पहले फरवरी महीने में सेना ने 15/16 फरवरी की रात को तंगधार सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया था। इस दौरान घुसपैठ-रोधी ग्रिड में तैनात सैनिकों को नियंत्रण रेखा के पार तीन आतंकवादियों के बारे में भनक लगी थी। आतंकी एलओसी की बाड़ के पास आ रहे थे, तभी सैनिकों ने आतंकवादियों को ललकारा। इसके बाद भीषण गोलाबारी हुई। इसमें एक आतंकवादी मारा गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आतंकी अपने तीसरे आतंकी साथी के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। इसके बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया, जिसमें मारे गए आतंकी के पास से एके सीरीज की राइफल, छह मैगजीन, दो ग्रेनेड व अन्य सामग्री बरामद की गई थी।