बड़ी खबरः खालिस्तान समर्थक संगठन के प्रमुख अमृतपाल के करीबी की गिरफ्तारी से भड़का आक्रोश! बंदूक-तलवार लेकर पुलिस से भिड़े समर्थक, थाने का किया घेराव
नई दिल्ली। पंजाब से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां खालिस्तान समर्थक संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह के करीबी तूफान सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थक सड़कों पर आ गए। हजारों की तादाद में गुस्साए लोग बंदूक, तलवारें और लाठियां लेकर सड़क पर उतर आए और गिरफ्तारी का विरोध करने लगे। बताया जा रहा है कि अमृतपाल ने ही अपने समर्थकों से गुरुवार सुबह 11 बजे अजनाला पहुंचने के लिए कहा था। इसके बाद यहां भीड़ इकट्ठा हो गई। माहौल की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस भी एक्टिव हो गई और अमृतपाल के पहुंचने से पहले ही उनके समर्थकों को उठाना शुरू कर दिया। इससे माहौल गर्मा गया। अमृतसर के अजनाला पुलिस थाने में अमृतपाल, उसके साथी तूफान सिंह समेत कुल 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज है। अमृतपाल सिंह के कुछ समर्थक सुबह थाना अजनाला के बाहर पहुंचे जहां पहले ही तैनात पुलिस बल ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में जब अमृतसर देहात के एसएसपी मौके पर पहुंचे तो हिरासत में लिए युवकों को छोड़ दिया गया। अजनाला और इसके आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। अमृतपाल सिंह ने चेतावनी दी थी कि अगर उस पर और उसके साथियों पर दायर एफआईआर बुधवार शाम तक रद्द न की गई तो वह अपने समर्थकों समेत थाना अजनाला का घेराव करने पहुंचेगा। अमृतपाल खुद तो थाना अजनाला के बाहर नहीं पहुंचे परंतु उनके कुछ समर्थक वहां पहुंच गए। इसी तरह तरनतारन, गुरदासपुर, जालंधर और अन्य रास्तों से अजनाला की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने नाकाबंदी की हुई है।