बड़ी खबरः हार्ट अटैक आते ही सड़क पर गिरा शख्स! ट्रैफिक पुलिस ने सीपीआर देकर बचाई जान, 2 मिनट के बाद लौटीं सांसें
नई दिल्ली। तेलंगाना में एक ट्रैफिक पुलिस के जवान ने (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) सीपीआर देकर एक शख्स की जान बचाई। बताया जाता है कि एक शख्स हार्ट-अटैक के चलते सड़क पर गिर पड़ा था। इस दौरान पास में मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने फुर्ती दिखाते हुए उसके दिल के ऊपर तब तक प्रेशर लगाया जब तक उसकी सांस नहीं लौट आई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और हर कोई जवान की सराहना कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, बालाजी नाम का यह शख्स जैसे ही राजेंद्रनगर में बस से उतरा, उसे हार्ट-अटैक आ गया और वह सड़क पर ही गिर पड़ा। राजशेखर नाम के ट्रैफिक कॉन्स्टेबल ने उसे देखा और बिना समय गंवाए उसे CPR देना शुरू कर दिया। वे करीब 2 मिनट तक उसे CPR देते रहे। इस बीच बालाजी में रिकवरी के साइन नजर आए। उसके मुंह से झाग भी निकला। उसकी सांस न घुट रही हो इसलिए राजशेखर ने उसकी शर्ट खोल दी। उससे बालाजी का मुंह साफ किया ताकि उसे सांस लेने में परेशानी न हो। जब वह होश में आ गया और उसकी सांस चलने लगी तो उसे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। फिलहाल उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
तेलंगाना पुलिस के DGP ने ट्वीट किया कि जनता के प्रति तेलंगाना पुलिस की दृढ़ प्रतिबद्धता। साइबराबाद ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल राजशेखर ने जिस तेजी और प्रभाव के साथ CPR दिया, उससे मौत के मुंह में जा रहे एक शख्स की जिंदगी बच गई। मैं राजशेखर की बहादुरी की प्रशंसा करता हूं। एक्टर चिरंजीवी ने भी राजशेखर की तारीफ में ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि साइबराबाद ट्रैफिक पुलिस के कॉन्स्टेबल राजशेखर को सैल्यूट, जिनकी सजगता और CPR ने एक जिंदगी बचाई। राजशेखर ने अपनी ड्यूटी से आगे निकलकर साथी इंसान के प्रति करुणा दिखाई। ऐसा करके उन्होंने मानवता का और लोगों की परवाह करने वाली दोस्ताना पुलिस का उदाहरण पेश किया है।’