बड़ी खबरः सदन में विपक्ष का जबरदस्त हंगामा! लोकसभा से 14 और राज्यसभा से 1 सांसद निलंबित
नई दिल्ली। बुधवार को संसद में हुए घटनाक्रम को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में जुटा हुआ है। विपक्षी सांसद लगातार इस मसले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा मांग रहे हैं। लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में इस मसले पर गुरुवार को हंगामा देखा गया है। इस हंगामे के बीच लोकसभा से कुल 14 सासंद निलंबित कर दिए गए। इससे पहले राज्यसभा में हो रहे हंगामे के बीच टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन को अपमानजनक कदाचार के लिए शीतकालीन सत्र के लिए निलंबित किया गया था। लोकसभा में पहले कांग्रेस पार्टी के 5 सासंदों को टीएन प्रतापन, हिबी ईडन, एस जोथिमनी, राम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस को निलंबित किया गया था। इसके बाद भी लगातार हंगामा कर रहे 9 सांसदों को और निलंबित किया गया। जिन लोकसभा सदस्यों को बाद में सस्पेंड किया गया उनमें बेनी बेहनन, मोहम्मद जावेद, पी आर नटराजन, कनिमोई शामिल हैं। इन सभी को लोकसभा में ‘अनुचित व्यवहार’ के लिए बचे हुए सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। इससे पहले राज्यसभा से TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन को निलंबित किया गया था। PTI द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, राज्यसभा में जब 12 बजे के बाद कार्यवाही फिर से शुरू हुई तो सभापति जगदीप धनखड़ ने डेरेक ओ’ब्रायन का नाम लेकर उन्हें चेतावनी दी। इससे पहले सुबह के समय भी ‘गलत व्यवहार’ के लिए उनका नाम लिया गया था और चेयरमैन ने उन्हें सदन छोड़ने के लिए कहा था।