बड़ी खबरः अमेठी में जिला विद्यालय निरीक्षक पर भड़कीं केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी! बोलीं- जब केंद्रीय मंत्री से बहस कर रही हो तो बुजुर्ग टीचर का क्या हाल किया होगा?
नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे पर हैं। उन्होंने रामदैपुर गांव में चौपाल लगाई। इस दौरान एक बुजुर्ग रिटायर्ड टीचर उनके पास अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। बुजुर्ग ने कहा कि वह अपने बकाया एरियर के भुगतान के लिए कई महीनों से जिला विद्यालय निरीक्षक ऑफिस के चक्कर काट रहे हैं। मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही। ये सुनते ही स्मृति ईरानी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को फोन लगा दिया और जमकर फटकार लगाई। इस घटना का वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे स्मृति ईरानी का ये रूप देख आसपास मौजूद अधिकारी सन्न रह गए। वे एकदम चुपचाप खड़े नजर आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि जब आप मुझसे 10 मिनट से बहस कर रही हैं तो 72 साल के रिटायर्ड शिक्षक का क्या हाल किया होगा? दरअसल, राजकीय शिक्षक संघ का एक डेली गेशन शिकायत लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के पास पहुंचा था। स्मृति ईरानी ने उनकी समस्या सुनने के बाद डीआईओएस को फोन लगाया था। फोन पर डीआईओएस और सांसद से काफी देर तक बहस हुई। जिसपर स्मृति ईरानी ने अधिकारी को नसीहत देते हुए कहा कि यह अमेठी है, यहां की जनता अपने सांसद तक सारे सबूतों के साथ आसानी से पहुंच जाती है। अगर आपको कागज चाहिए तो चीफ सेक्रेटरी को बोलती हूं, आपको कागज भिजवाएं।