बड़ी खबरः उत्तराखण्ड दौरे पर विराट और अनुष्का! ऋषिकेश के स्वामी दयानंद आश्रम पहुंचे, संतों को कराया भोजन
देहरादून। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा इन दिनों उत्तराखण्ड दौरे पर हैं। यात्रा के दूसरे दिन उन्होंने ऋषिकेश के स्वामी दयानंद आश्रम में हुए अनुष्ठान में शामिल हुए। इस दौरान कोहली परिवार की ओर से संतों को भोजन भी कराया गया। इसके साथ ही उन्होंने वस्त्र और दक्षिणा भेंट कर संतो का आशीर्वाद लिया। विराट कोहली से मिलने डीजीपी अशोक कुमार भी दयानंद आश्रम पहुंचे। इस दौरान आश्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

बता दें कि विराट कोहली अनुष्का शर्मा के साथ सोमवार को शीशमझाड़ी स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुरु स्वामी दयानंद सरस्वती के आश्रम पहुंचे थे। यहां विराट ने पत्नी और अपनी मां सरोज कोहली के साथ स्वामी दयानंद सरस्वती की समाधि स्थल के दर्शन किए। कोहली ने यहां 20 मिनट तक ध्यान भी लगाया था।

सोमवार सुबह विराट कोहली परिवार के साथ ऋषिकेश से सटे यमकेश्वर क्षेत्र के एक जंगल रिजॉर्ट में पहुंचे थे। शाम को विराट कोहली, अनुष्का शर्मा और सरोज कोहली ने दयानंद आश्रम पहुंचकर अध्यक्ष स्वामी साक्षातकृतानंद का आशीर्वाद लिया। इसके बाद विराट ने परिवार सहित आश्रम स्थित भगवान शिव के मंदिर में दर्शन और पूजा की। घाट पर सांध्यकालीन गंगा आरती भी की। शाम को कोहली ने परिवार के साथ आश्रम में ही रात्रि विश्राम कर सात्विक भोजन किया।