बड़ी खबरः जंतर-मंतर पर पहलवानों का प्रदर्शन जारी! केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को लिखा पत्र, मार्गदर्शन करने की अपील
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। इस मामले को लेकर देश में सियासत भी गरमाई हुई है। इस बीच पहलवानों ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को पत्र लिखकर न्याय के लिए मदद मांगी है। पहलवान संघर्ष समिति ने अपने पत्र में लिखा कि हम महिला पहलवानों का भारत के पहलवान महासंघ के अध्यक्ष द्वारा यौन उत्पीड़न किया गया है। महासंघ के अपने लंबे समय तक अध्यक्ष रहने के दौरान उनके द्वारा कई बार पहलवानों का यौन शोषण किया गया। कई बार पहलवानों ने आवाज उठाने की कोशिश की, लेकिन बृजभूषण सिंह की ताकत ने पहलवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया। पत्र में आगे लिखा गया है कि न्याय की तो बात ही छोड़िए, अब जब पानी नाक से ऊपर उठ गया, तो हमारे पास महिला पहलवानों की गरिमा के लिए लड़ने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। हमने अपने जीवन और खेल को एक तरफ रख दिया है और अपनी गरिमा के लिए लड़ने का फैसला किया है। हम पिछले 20 दिनों से जंतर.मंतर पर न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हमारे अनुसार बृजभूषण सिंह की ताकत ने न केवल प्रशासन की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी बल्कि हमारी सरकार को बहरा और अंधा बना दिया है।