संघ प्रमुख का बड़ा बयानः खत्म होनी चाहिए जाति व्यवस्था! बोले- पिछली पीढ़ियों की गलतियों को स्वीकारने में हर्ज क्या, समाजहित में भूलना जरूरी
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने जाति और वर्ण व्यवस्था को खत्म करने की अपील की है। शुक्रवार को एक किताब के विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे संघ प्रमुख भागवत ने कहा कि आज अगर कोई इस बारे में बात करे तो, समाज का हित चाहने वाले हर व्यक्ति को यह कहना चाहिए कि वर्ण और जाति व्यवस्था पुरानी सोच थी, जिसे अब भूल जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी चीज जो भेदभाव पैदा कर रही हो उसे पूरी तरह से खारिज कर देना चाहिए। भारत हो या फिर कोई और देश, पिछली पीढ़ियों ने गलतियां जरूर की हैं। हमें उन गलतियों को स्वीकार करने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। अगर आपको लगता है कि हमारे पूर्वजों ने गलती की है, ये बात मान लेने पर उनका महत्व कम हो जाएगा तो ऐसा नहीं है, क्योंकि हर किसी के पूर्वजों ने गलतियां की हैं।