• Home
  • News
  • Bihar Art Awards ceremony in Patna! 52 artists honored, prize money worth 27.72 lakhs distributed

पटना में बिहार कला पुरस्कार समारोह! 52 कलाकार हुए सम्मानित, 27.72 लाख की पुरस्कार राशि वितरित

editor
  • Awaaz Desk
  • September 25, 2025 07:09 AM
Bihar Art Awards ceremony in Patna! 52 artists honored, prize money worth 27.72 lakhs distributed

पटना। बिहार के 52 कलाकारों को कला पुरस्कार 2025 से नवाजा गया है। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में 6 कलाकारों को राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और विभागीय मंत्री मोतीलाल प्रसाद ने वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के लिए चयनित 52 उत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित किया। कलाकारों को कुल 27,72,000 की सम्मान राशि के साथ प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह एवं पारंपरिक अंगवस्त्र भेंट किए गए। इस मौके पर कलाकारों की उपलब्धियों को दर्शाती एक स्मारिका का भी विमोचन हुआ। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने घोषणा की कि अब प्रत्येक वर्ष बिहार के कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार सौभाग्यशाली है कि यहां अंगिका, मैथिली, मगही, बज्जिका और भोजपुरी जैसी पांच सजीव भाषाओं में सृजन हो रहा है, जिसे हम भाषाई पंचामृत कह सकते हैं। यह केवल कला नहीं, हमारी सांस्कृतिक विरासत है। सिन्हा ने बिहार की फिल्म नीति को देश में सर्वश्रेष्ठ बताते हुए कहा कि यह कला और संस्कृति को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी। समारोह में 18 नवोदित कलाकारों को 25,000 रुपये, 22 स्थापित कलाकारों को 50,000 रुपये, 6 कलाकारों को राष्ट्रीय पुरस्कार और 6 कलाकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के तहत 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। सभी सम्मानित कलाकारों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम में मशहूर लोकगायिका कल्पना पटवारी ने भिखारी ठाकुर का बेटी बेचवा गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। 


संबंधित आलेख: