बिहार: विकास कार्यों को परखने धरातल पर उतरे सीएम नीतीश कुमार! जहानाबाद के बाराबर क्षेत्र का किया निरीक्षण
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बुधवार को जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक बाराबर (वाणावर) क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने वाणावर पर्वत स्थित बाबा सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर श्रावणी मेले में आए श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाराबर (वाणावर) गुफाएं भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा हैं। इनका संरक्षण और विकास अत्यंत आवश्यक है, ताकि यह स्थल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से संरक्षित रह सके और पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।