• Home
  • News
  • BJP National President Nitin Naveen's visit to Uttarakhand postponed; arrival date to be finalized soon after the vote counting in five states.

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा टला, 5 राज्यों की मतगणना के बाद जल्द तय होगी आगमन की तारीख

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 02, 2026 12:05 PM
BJP National President Nitin Naveen's visit to Uttarakhand postponed; arrival date to be finalized soon after the vote counting in five states.

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछनी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह द्वारा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे ने सूबे की सियासत में हलचल तेज कर दी है। हालांकि, यह दौरा 5 राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद आयोजित होगा, लेकिन पार्टी मुख्यालय में इसकी तैयारियां अभी से युद्धस्तर पर जारी हैं। भाजपा इस बार कोई भी जोखिम उठाने के मूड में नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, नितिन नवीन अपने प्रवास के दौरान सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत के समीकरणों का बारीकी से विश्लेषण करेंगे। इस दौरान दो महत्वपूर्ण आंतरिक सर्वे रिपोर्टों के आधार पर मंथन होगा। सूत्रों की मानें तो खराब प्रदर्शन करने वाले मौजूदा विधायकों के टिकट कटने तय हैं, जबकि दूसरे दलों से आने वाले जिताऊ चेहरों के लिए भी दरवाजे खुले रखे जाएंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस मंथन में नितिन नवीन बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेश कोर ग्रुप, कैबिनेट मंत्रियों और सांसदों के साथ बैठक करेंगे। इसमें मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के जमीनी प्रभाव की समीक्षा की जाएगी। केवल देहरादून ही नहीं, बल्कि नितिन नवीन एक जिले और एक मंडल स्तर की बैठक लेकर संगठन की कार्यक्षमता को भी परखेंगे। 2027 की चुनावी रणनीति को लेकर वे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सुझाव लेंगे और सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। भाजपा का लक्ष्य समय रहते हर सीट पर मजबूत उम्मीदवार तय कर विपक्षी खेमे में मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाना है।


संबंधित आलेख: