• Home
  • News
  • BJP plays 'youth and local card' for Bankipur by-election: Abhishek Kumar 'Bunty' gets the ticket; set for a three-way contest against Prashant Kishor and the RJD.

बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने चला 'युवा और लोकल कार्ड': अभिषेक कुमार 'बंटी' को मिला टिकट, प्रशांत किशोर और आरजेडी से होगी त्रिकोणीय भिड़ंत

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 07, 2026 03:07 PM
BJP plays 'youth and local card' for Bankipur by-election: Abhishek Kumar 'Bunty' gets the ticket; set for a three-way contest against Prashant Kishor and the RJD.

पटना। बिहार की सियासत का सबसे बड़ा अखाड़ा बन चुकी पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे से खाली हुई इस हॉट सीट पर पार्टी ने अपने जमीनी और युवा कार्यकर्ता अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक 'बंटी' (अभिषेक सिन्हा) को उम्मीदवार घोषित किया है। प्रशांत किशोर (जन सुराज) और आरजेडी की ओर से प्रत्याशियों के एलान के बाद अब बांकीपुर का यह उपचुनाव बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय मुकाबले में तब्दील हो गया है। आगामी 30 जुलाई को होने वाले इस मतदान पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।

बीजेपी ने इस बार किसी बड़े चेहरे के बजाय संगठन के प्रति समर्पित और जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने वाले युवा चेहरे पर दांव खेला है। अभिषेक कुमार वर्तमान में बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वे दो बार मंडल अध्यक्ष, मंडल मंत्री और महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण सांगठनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। अभिषेक कुमार मूल रूप से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के ही निवासी हैं और उन्होंने लंबे समय तक इस क्षेत्र के पूर्व विधायक नितिन नबीन के साथ मिलकर काम किया है। स्थानीय होने के कारण क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जा रही है। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र को पारंपरिक रूप से बीजेपी का अभेद्य किला माना जाता है। इस सीट का सामाजिक और जातीय ताना-बाना बीजेपी के पक्ष में रहा है। बांकीपुर में लगभग 60 से 70 हजार मतदाता कायस्थ समाज से आते हैं, जो चुनाव के नतीजों को तय करने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यही वजह है कि बीजेपी यहां हमेशा कायस्थ उम्मीदवार पर ही दांव लगाती आई है। अभिषेक कुमार 'बंटी' भी इसी समाज से आते हैं, जिससे पार्टी ने अपने इस मजबूत वोट बैंक को पूरी तरह सुरक्षित रखने का प्रयास किया है। इस उपचुनाव में अभिषेक कुमार का मुकाबला बेहद कड़ा और बहुकोणीय होने जा रहा है। चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर पहली बार खुद चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। जन सुराज पार्टी ने रविवार को ही उनके नाम की औपचारिक घोषणा की है, जिससे यह सीट वीआईपी सीट बन गई है। हालांकि, पिछले आम चुनाव में जन सुराज की प्रत्याशी वंदना कुमारी को महज 7 हजार वोट मिले थे और उनकी जमानत जब्त हो गई थी, लेकिन प्रशांत किशोर के खुद मैदान में आने से समीकरण बदल सकते हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने एक बार फिर अपनी पुरानी प्रत्याशी रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है। पिछले चुनाव में रेखा गुप्ता 46 हजार से अधिक वोट पाकर दूसरे स्थान पर रही थीं। आरजेडी इस बार महिला कार्ड और एंटी-इंकंबेंसी के सहारे बड़ा उलटफेर करने की फिराक में है। बीजेपी उम्मीदवार के एलान के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अभिषेक कुमार को बधाई देते हुए सोशल मीडिया (X) पर लिखा बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से अभिषेक कुमार जी को उम्मीदवार घोषित किए जाने पर हार्दिक बधाई। पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व, समर्पण एवं जनसेवा के संकल्प को जनता का भरपूर आशीर्वाद प्राप्त होगा तथा आप विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे। वहीं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि अभिषेक बंटी संगठन के समर्पित सिपाही हैं। पार्टी ने युवा चेहरे को आगे बढ़ाकर यह साबित किया है कि बीजेपी में कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने दावा किया कि नितिन नबीन के इस गढ़ पर बीजेपी का कब्जा भारी मतों से बरकरार रहेगा।


संबंधित आलेख: