पटना पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन: बांकीपुर उपचुनाव में झोंकी ताकत,100 दिनों के कामकाज की होगी समीक्षा
पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर राजधानी पटना पहुंचे। पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जुलाई महीने में नितिन नवीन का यह तीसरा पटना दौरा है, जिसे 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिहाज से बेहद निर्णायक माना जा रहा है।
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय तक नितिन नवीन और उनके दिवंगत पिता नवीन किशोर सिन्हा का गढ़ रही है। नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट रिक्त हुई है। चुनावी सरगर्मियों के बीच भाजपा इस सीट को हर हाल में बरकरार रखना चाहती है। अपने इस प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ स्तर के अभियानों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही, राज्य की एनडीए सरकार के 100 दिनों के सफल कामकाज और उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने की रणनीति पर भी वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन किया जाएगा। 30 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए भाजपा ने एक साधारण कार्यकर्ता और पूर्व मंडल अध्यक्ष नीरज कुमार सिन्हा को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा गुप्ता भी चुनावी मैदान में ताल ठोक रही हैं। इस मुकाबले को और दिलचस्प बनाते हुए पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने जन सुराज को समर्थन देने का ऐलान किया है। इस पर नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यहाँ एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी निष्ठा और मेहनत के बल पर नेतृत्व तक पहुँच सकता है। उन्होंने कहा, "नीरज किसी बड़े राजनीतिक घराने से नहीं आते, बल्कि जनसंघ के समय से पार्टी से जुड़े एक निष्ठावान कार्यकर्ता परिवार के बेटे हैं, जो वर्षों से जनता की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। भावुक होते हुए नितिन नवीन ने कहा कि उनके पिता दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने वर्षों तक संघर्ष कर बांकीपुर की सेवा की और जनता के साथ एक अटूट रिश्ता बनाया। उसी परंपरा को निभाते हुए उन्होंने खुद भी पिछले दो दशकों से क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में साथ दिया है। उन्होंने कहा, "बांकीपुर की जनता और यहाँ के कार्यकर्ताओं ने ही मुझे काम करना सिखाया है। आज मैं जिस मुकाम पर हूँ, उसका पूरा श्रेय इस क्षेत्र के स्नेह और आशीर्वाद को जाता है। राज्यसभा जाने के बाद भी बांकीपुर हमेशा मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। नितिन नवीन ने क्षेत्र में हुए विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में बांकीपुर में सड़क, पेयजल, बिजली, पार्क, सामुदायिक भवन और वेंडिंग ज़ोन जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर संपर्क अभियान को और तेज़ करें, नए मतदाताओं को जोड़ें और मतदान के दिन शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने के लिए पूरी ताकत झोंक दें।