• Home
  • News
  • BJP's show of strength in Dehradun: Senior leaders gather to welcome National President Nitin Naveen! Important meetings will be held with MLAs, MPs, and organization officials.

देहरादून में भाजपा का शक्ति प्रदर्शनः राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में जुटे दिग्गज नेता! विधायकों-सांसदों और संगठन पदाधिकारियों संग करेंगे अहम बैठकें

editor
  • Awaaz Desk
  • May 28, 2026 01:05 PM
BJP's show of strength in Dehradun: Senior leaders gather to welcome National President Nitin Naveen! Important meetings will be held with MLAs, MPs, and organization officials.

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच चुके हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रेमचंद अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देहरादून पहुंचने के बाद भाजपा कार्यालय में नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊं और आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया। पार्टी कार्यालय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सांसद तीरथ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद कल्पना सैनी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और भाजपा नेता माला राज्यलक्ष्मी शाह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इसके अलावा राज्य सरकार के मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, भारत चौधरी तथा पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की। भाजपा सूत्रों के अनुसार नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान सरकार और संगठन दोनों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों, सांसदों और संगठन के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति, संगठन विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती और जनता के बीच सरकार की योजनाओं की पहुंच जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय में संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ भी बैठक करेंगे। बताया जा रहा है कि पहले दिन दो महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें राज्य की राजनीतिक स्थिति, विपक्ष की सक्रियता और पार्टी की भावी रणनीति पर मंथन होगा। अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 29 मई को नितिन नवीन देहरादून स्थित प्रसिद्ध टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद उनकी मुख्यमंत्री धामी के साथ एक अहम बैठक प्रस्तावित है। इसी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ भी अलग-अलग बैठक करेंगे। इन बैठकों में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, जनता के बीच सरकार की छवि, विकास कार्यों और विपक्ष के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।


संबंधित आलेख: