अंधा प्यारः बॉयफ्रेंड ने नहीं उठाया कॉल तो फांसी के फंदे पर झूल गयी पॉलिटेक्निक की छात्रा! सुसाइड नोट से खुलेंगे राज, पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल
बलिया। यूपी के बलिया से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पॉलिटेक्निक की एक छात्रा ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। खबरों की मानें तो बॉयफ्रेंड द्वारा फोन ना उठाए जाने से छात्रा नाराज थी। इसी के चलते उसने पंखे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। फिलहाल मृतका की कॉल डिटेल और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक छात्रा बार-बार अपने बॉयफ्रेंड को वीडियो कॉल कर रही थी। मगर वो कॉल रिसीव नहीं कर रहा था। बॉयफ्रेंड से अनबन के बीच छात्रा फांसी के फंदे से झूल गई। मृतक मूल रूप से कानपुर नगर की रहने वाली थी।
बलिया में वो महिला पॉलिटेक्निक के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पॉलिटेक्निक की प्रिंसिपल ने बताया कि छात्राएं जब मेस से खाना खा कर लौटीं तो उन्होंने अपनी एक साथी का दरवाजा बंद पाया। इसपर उन्होंने बाहर से आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं आया। ऐसे में छात्राओं द्वारा धक्का देकर दरवाजा खोला गया। लेकिन अंदर का मंजर देख वो सब चीख पड़ीं। क्योंकि, अंदर कमरे में पंखे से छात्रा का शव झूल रहा था। शोर सुनकर स्टाफ के लोग मौके पर पहुंच गए। तत्काल प्रिंसिपल और अन्य शिक्षक भी वहां आ गए। जिसके बाद इसकी सूचना स्थानीय बांसडीह रोड थाना पुलिस को दी गई, जिसने छात्रा के शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।