• Home
  • News
  • Bloodshed in Bengal: Bike-borne miscreants hurl bombs at midnight; area rocked once again just hours after the murder of a private aide. Suvendu Adhikari declares: "This is 15 years of absolute lawlessness."

बंगाल में खूनी खेल: आधी रात को बाइक सवार बदमाशों ने बरसाए बम,निजी सहायक की हत्या के कुछ ही घंटों बाद फिर दहला इलाका,शुभेंदु अधिकारी बोले-यह 15 साल का महा जंगलराज

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 07, 2026 06:05 AM
Bloodshed in Bengal: Bike-borne miscreants hurl bombs at midnight; area rocked once again just hours after the murder of a private aide. Suvendu Adhikari declares: "This is 15 years of absolute lawlessness."

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद जारी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। उत्तर 24 परगना जिले के पनिहाटी इलाके में गुरुवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाते हुए उन पर देशी बमों से हमला कर दिया। इस हमले में कम से कम पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह वारदात शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक रहे चंद्रनाथ रथ की जघन्य हत्या के कुछ ही घंटों के भीतर हुई है, जिससे पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना पनिहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 2 स्थित दत्ता रोड की है। आधी रात के बाद कुछ भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ चर्चा कर रहे थे, तभी दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने बिना किसी चेतावनी के कार्यकर्ताओं पर एक के बाद एक तीन बम फेंके। जोरदार धमाकों की आवाज से इलाका थर्रा उठा और मौके पर भगदड़ मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। बम विस्फोट में घायल पांचों कार्यकर्ताओं को लहूलुहान हालत में तत्काल आरजी कार मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खारदाह पुलिस स्टेशन के अधिकारी और केंद्रीय बलों की टुकड़ी मौके पर पहुंची। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए इलाके में फ्लैग मार्च किया गया और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "बंगाल में पिछले 15 वर्षों से केवल बदले की राजनीति चल रही है। यह 15 वर्षों के महा जंगलराज का परिणाम है। कल रात खारदाह में बम चले और बसीरहाट में हमारे कार्यकर्ताओं पर गोलियां बरसाई गईं। हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। खारदाह पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है, लेकिन लोगों के बीच डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
 


संबंधित आलेख: