कटिहार में खूनी खेल: बीजेपी नेता के भाई को घर में घुसकर मारी गोली, जमीन विवाद में अपनों ने ही बहाया खून,एसपी ने संभाला मोर्चा
कटिहार। बिहार के कटिहार से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक जमीन विवाद ने मंगलवार को खूनी रूप अख्तियार कर लिया। सहायक थाना क्षेत्र के पॉश इलाके गौशाला हवाई अड्डा के पास अपराधियों ने भाजपा नेता ओमप्रकाश यादव के भाई विकास यादव को उनके ही घर के भीतर घुसकर गोली मार दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और भारी संख्या में स्थानीय लोग आक्रोशित होकर मौके पर जमा हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, विकास यादव के परिवार में पिछले लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर आपसी तनातनी चल रही थी। मंगलवार को इसी बात को लेकर घर के भीतर ही कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान विकास यादव के सगे भाई के साले बिट्टू यादव और चिट्टू यादव ने आपा खो दिया और पिस्तौल निकालकर विकास यादव पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही विकास यादव लूल-लहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घर के भीतर गोली चलने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर दौड़े। आनन-फानन में खून से लथपथ विकास यादव को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर और चिंताजनक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत पूर्णिया रेफर कर दिया। फिलहाल वे अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। दिनदहाड़े बीजेपी नेता के भाई पर हुए इस हमले की सूचना मिलते ही कटिहार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) परिचय कुमार दलबल के साथ खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने वारदात वाली जगह का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच से स्पष्ट है कि यह पूरी घटना पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ी है और वारदात घर के भीतर ही अंजाम दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है ताकि हर भौतिक साक्ष्य को जुटाया जा सके। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से तफ्तीश कर रही है। इस दुस्साहसिक घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी परिचय कुमार ने बताया कि घटना में नामजद आरोपियों (बिट्टू यादव और चिट्टू यादव) के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि कानून को हाथ में लेने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे। फिलहाल पुलिस ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल तैनात कर दिया है।