नाव हादसाः अपनों के इंतजार में यमुना पर टकटकी! अभी भी लापता हैं 17 लोग, ऑपरेशन जिंदगी के नाम से चल रहा रेस्क्यू
लखनऊ। यूपी के बांदा में मरका घाट पर हुए नाव हादसे में अभी भी 17 लोग लापता हैं, जबकि 15 लोग तैरकर बाहर आ गए हैं। उधर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की 78 सदस्यीय टीम ने रात 11ः10 बजे ‘ऑपरेशन जिंदगी’ के नाम से रेस्क्यू शुरू किया, जो रात 1 बजे तक चला। शुक्रवार सुबह 8 बजे एक बार फिर से रेस्क्यू शुरू किया गया। बता दें कि नाव में 35 लोग सवार थे।

NDRF कमांडेंट नीरज मिश्रा ने बताया कि पानी की गहराई 40 से 50 फीट है। अभी तक किसी की एग्जैक्ट लोकेशन का पता नहीं चल पाया है। कोई भी प्रत्यक्षदर्शी सही बात नहीं बता पा रहा है। कोई बता रहा है कि नाव बीच मझधार में पलटी है। कोई बता रहा है कि ना किनारे आते वक्त पलटी है, इसलिए ऑपरेशन में थोड़ी दिक्कत आ रही है। मटमौला पानी होने के चलते कुछ दिक्कत आ रही है।

यमुना नदी के किनारे पूरी रात लापता लोगों के परिजन और गांव के लोग बैठे रहे। रुक-रुक कर लोगों के रोने-चीखने की आवाज आती रही। DM अनुराग पतले, ASP लक्ष्मी निवास मिश्रा, ADM सुरभि भी मौके पर डटी रहीं। DM अनुराग पटेल ने बताया कि NDRF और SDRF की टीम मौके पर मौजूद है। लोकल गोताखोर स्टीमर व नाविक भी हैं, जो उन्हें गाइड करेंगे।