• Home
  • News
  • Body of renowned physician Dr. BN Jha, who had gone for a morning walk, found in a well; suspicious death sparks sensation in Giridih.

मॉर्निंग वॉक पर निकले प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बीएन झा की कुएं में मिली लाश,संदिग्ध मौत से गिरिडीह में सनसनी

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 13, 2026 09:07 AM
Body of renowned physician Dr. BN Jha, who had gone for a morning walk, found in a well; suspicious death sparks sensation in Giridih.

झारखंड के गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक और सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक (डीएस) डॉ. बीएन झा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार सुबह पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी स्थित एक कुएं में उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. बीएन झा रोजाना की तरह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और परिचितों को चिंता हुई। इसी बीच सुबह स्थानीय लोगों की नजर लखारी स्थित एक कुएं में पड़े शव पर पड़ी। नजदीक जाकर देखने पर उसकी पहचान डॉ. बीएन झा के रूप में हुई। खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद पचंबा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। भाजपा नेता विनय सिंह ने बताया कि डॉ. बीएन झा गिरिडीह सदर अस्पताल में उपाधीक्षक (डीएस) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे निजी स्तर पर लोगों का इलाज कर रहे थे और जिले के बेहद सम्मानित एवं लोकप्रिय चिकित्सकों में उनकी पहचान थी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से डॉ. झा का स्वास्थ्य भी पूरी तरह ठीक नहीं रहता था, लेकिन इसके बावजूद वे नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक पर जाते थे। विनय सिंह ने कहा कि डॉ. झा के निधन से जिले ने एक अनुभवी चिकित्सक और समाजसेवी को खो दिया है। उन्होंने मांग की कि उनकी मौत के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति हो तो उसका खुलासा हो सके। घटना की सूचना मिलते ही जिले के कई चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक अस्पताल एवं घटनास्थल पहुंचे। सभी ने डॉ. झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे चिकित्सा जगत की बड़ी क्षति बताया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे शहर में इस घटना की चर्चा बनी हुई है। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि संभवतः कुएं में गिरने के कारण उनकी मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


संबंधित आलेख: