• Home
  • News
  • Brazen criminals in Haridwar: Young woman abducted in a car in broad daylight after visiting a temple; police empty-handed even after 24 hours.

हरिद्वार में बदमाशों के बुलंद हौसले: मंदिर गई युवती का दिनदहाड़े कार से अपहरण, 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली

editor
  • Tapas Vishwas
  • October 02, 2026 12:10 PM
Brazen criminals in Haridwar: Young woman abducted in a car in broad daylight after visiting a temple; police empty-handed even after 24 hours.

हरिद्वार।देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद खौफनाक खबर सामने आई है। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह रोजाना की तरह मंदिर पूजा करने गई 26 वर्षीय युवती का अज्ञात कार सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। परिजनों ने बाइक से अपहरणकर्ताओं की कार का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी चकमा देकर फरार हो गए। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

परिजनों द्वारा लक्सर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, गुरुवार (1 अक्टूबर) सुबह करीब 7:30 बजे 26 वर्षीय युवती रुड़की रोड स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकली थी। आमतौर पर पूजा-अर्चना के बाद वह समय पर घर लौट आती थी। हालांकि, जब काफी देर बीत जाने के बाद भी युवती वापस नहीं पहुंची, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश करते हुए जब परिजन और ग्रामीण रुड़की रोड की ओर बढ़े, तो उन्होंने देखा कि एक कार में कुछ लोग युवती को जबरन बैठाकर तेजी से ले जा रहे हैं। युवती को बचाने के लिए परिजनों ने तुरंत अपनी बाइक से कार का पीछा किया, लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण आरोपी भागने में कामयाब रहे। इस दौरान परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए कार का नंबर नोट कर लिया। मौके पर चीख-पुकार सुनकर भारी भीड़ एकत्र हो गई, लेकिन तब तक कार ओझल हो चुकी थी।घटना के तुरंत बाद बदहवास परिजन लक्सर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में किडनैपिंग का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार नंबर से सुराग की तलाश: लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि परिजनों द्वारा मुहैया कराए गए कार के नंबर के आधार पर संदिग्ध वाहन की लोकेशन ट्रैक की जा रही है।  पुलिस की कई विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। रुड़की रोड और आसपास के इलाकों के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही युवती को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस किडनैपिंग की वारदात से स्थानीय निवासियों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरा गुस्सा देखा जा रहा है।


संबंधित आलेख: