ब्रेकिंगः यूपी के प्रगति के द्वार खोलेगा गंगा एक्सप्रेस-वे! प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे का किया शिलान्यास, बोले-यहां की धरती से बहती है वीरता की धारा
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर पहुंचे हैं। यहां पहुंचने पर उन्होंने उत्तर प्रदेश सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया। वहीं जनसभा को सम्बोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि शाहजहांपुर की धरती से वीरता की धारा बही है। कल ही पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्लाह खान, ठाकुर रौशन सिंह का बलिदान दिवस है। अंग्रेजी सत्ता को चुनौती देने वाले शाहजहांपुर के इन तीनों सपूतों को 19 दिसंबर को फांसी दी गई थी। भारत की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देने वाले ऐसे वीरों का हम पर बहुत बड़ा कर्ज है। कहा कि इतने बड़े यूपी को चलाने के लिए जिस दमखम की जरूरत है, जिस दमदारी की जरूरत है। उसे ये डबल इंजन सरकार पूरी कर रही है। गंगा एक्सप्रेस वे यूपी के प्रगति के द्वार खोलेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सबका ये सौभाग्य है कि शाहजहांपुर की ये धरती वीरों की धरती है। उन्होंने कहा कि साल 2014 से पहले जो घोषणाएं होती थीं, वो सिर्फ चुनावों को ध्यान में रखकर होती थीं। लेकिन अब ऐसा नहीं है। पहले और अब की सरकार में यही बड़ा अंतर है। अब योजनाओं की घोषणाएं ही नहीं होती, उन्हें पूरा भी किया जाता है। 2014 के बाद विकास की राजनीति प्रदेश में हो रही है। कई एक्सप्रेसवे इसका उदाहरण हैं। कहा कि 2014 के बाद जो जोड़ने की राजनीति शुरू हुई उनका परिणाम है कि गांव का, किसानों का, नौजवानों का, श्रमिकों का सम्मान करते हुए देश की आस्था को सम्मान देने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी ने किया। बताया जा रहा है कि 36,230 करोड़ रुपये की लागत से इसे सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) के अंतर्गत बनाया जाएगा। ये एक्सप्रेस-वे मेरठ से प्रयागराज तक बनेगा।