ब्रेकिंगः इसरो इस साल अगस्त में लांच करेगा चंद्रयान-3 मिशन! लोकसभा में दी गयी विस्तृत जानकारी
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) इसी साल अगस्त माह में चंद्रयान-3 मिशन को लांच करेगा। इसकी जानकारी भारतीय अंतरिक्ष विभाग ने लोकसभा में दी। बताया गया कि चंद्रयान-2 मिशन से सबक लेते हुए और वैश्विक विशेषज्ञों से राय लेकर मिशन चंद्रयान -3 के लिए कार्य जारी है। विभाग ने आगे बताया कि इस मिशन के लिए जरूरी सभी जांच और टेस्ट को पूरा कर लिया गया है। चंद्रयान -3 को इस साल अगस्त महीने में लांच किया जाएगा। चंद्रयान -3 में हो रही देरी के सवाल पर जवाब देते हुए केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने बताया कि कई मिशन में कोरोना महामारी के कारण देरी हुई है। अंतरिक्ष क्षेत्र के मामले में हुए सुधारों और मांग-संचालित मॉडल के अनुसार यह परियोजनाएं अब भी प्राथमिकता में हैं। यह भी बताया गया कि चंद्रयान -3 मिशन अपनी प्रेरणा साल 2008 के अक्तूबर महीने में लांच किए गए चंद्रयान -1 मिशन से लेगा। इसने चंद्रमा की सतह पर जल की खोज जैसे बड़े कार्य किए थे। चंद्रयान -3 साल 2021 में ही लांच किया जाना था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसमें देरी देखने को मिली।