पुरानी रंजिश में बीटेक छात्र की बेरहमी से हत्या, फावड़े-लाठी-डंडों से किया गया हमला
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में एक बीटेक छात्र की पुरानी रंजिश को लेकर 15 युवकों के गिरोह ने फावड़े और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे प्रेमनगर बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर हुई। घायल छात्र को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह चार बजे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी दिव्यांशु जाटराणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दिव्यांशु रात में खाना खाने के लिए स्कूटी से रेस्टोरेंट गया था। तभी आर्यन शर्मा, शिवम शर्मा, मधुर, अंकुर, प्रह्यलादराज, शांतनु, उज्ज्वल, आकाश, वैभव मिश्रा, ऋतिक राजपूत, अंकुर सिंह, वैभव शर्मा, अंकित भारद्वाज, युवराज चौहान और आदित्य राज सहित 15 युवकों का समूह वहां पहुंचा और दिव्यांशु के साथ बहस करने लगा। बहस थोड़ी बढ़ते ही आरोपियों ने फावड़े और लाठी-डंडों से दिव्यांशु पर हमला बोल दिया। जब दिव्यांशु जान बचाने के लिए स्कूटी से भागने लगा तो एक युवक ने उसकी बेल्ट पकड़कर खींच ली, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद भी पूरा गिरोह उस पर लगातार हमला करता रहा। मरणासन्न हालत में दिव्यांशु को छोड़कर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। दिव्यांशु के दोस्तों ने उसे बेहोशी की हालत में प्रेमनगर पीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने बताया कि उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी युवक दिव्यांशु के साथ एक ही विश्वविद्यालय में पढ़ते थे। विवि में वर्चस्व को लेकर लंबे समय से चल रही पुरानी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें युवराज कुमार (निवासी भोजपुर, बिहार), मधुर खंडेलवाल (निवासी ऊधम सिंह नगर) और शिवम शर्मा (निवासी दानापुर, पटना, बिहार) शामिल हैं। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पूरे मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना से प्रेमनगर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। छात्रों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।