• Home
  • News
  • Budget 2026: No tax relief, but assurance of stability! Government focuses on digital ITR and stricter reporting, increased capital expenditure, and hopes for job creation; ordinary taxpayers may benefit in the future: Tax experts.

Budget 2026:टैक्स में ज्यादा राहत नहीं, लेकिन स्थिरता का भरोसा! डिजिटल ITR और सख्त रिपोर्टिंग पर सरकार का फोकस,कैपिटल एक्सपेंडिचर बढ़ा,रोजगार की उम्मीद,आम करदाता को भविष्य में फायदा संभव:टैक्स विशेषज्ञ

editor
  • Kanchan Verma
  • February 01, 2026 01:02 PM
Budget 2026: No tax relief, but assurance of stability! Government focuses on digital ITR and stricter reporting, increased capital expenditure, and hopes for job creation; ordinary taxpayers may benefit in the future: Tax experts.

केंद्र सरकार द्वारा पेश किया गया केंद्रीय बजट 2026 कर विशेषज्ञों की नजरों में प्रणाली में सुधार और आर्थिक स्थिरता की दिशा में एक संतुलित प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। टैक्स विशेषज्ञों का मानना है कि यह बजट तात्कालिक कर कटौती के बजाय टैक्स सिस्टम को सरल, पारदर्शी और भविष्य के लिए मजबूत बनाने पर केंद्रित है।


विधिक विशेषज्ञ राकेश सिंह रावत (एडवोकेट) के अनुसार, सरकार ने आयकर ढांचे में किसी बड़े बदलाव से परहेज करते हुए स्थिरता बनाए रखी है। इससे मध्यम वर्ग पर अचानक अतिरिक्त कर बोझ नहीं पड़ेगा और करदाताओं को नीति निरंतरता का भरोसा मिलेगा।

आयकर प्रणाली में स्थिरता, प्रक्रिया को आसान बनाने पर जोर

बजट 2026 में आयकर स्लैब या दरों में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। इसके बजाय सरकार ने आयकर रिटर्न (ITR) फाइलिंग प्रक्रिया को और अधिक सरल व डिजिटल बनाने पर जोर दिया है। इससे कर अनुपालन (Compliance) आसान होगा और आम करदाताओं को तकनीकी जटिलताओं से राहत मिल सकती है। उनका ये भी कहना है कि डिजिटल और स्वचालित टैक्स सिस्टम से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि विवादों में भी कमी आएगी।

 

क्रिप्टो और वित्तीय लेन-देन पर सख्ती, पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद
बजट में क्रिप्टो आय और अन्य वित्तीय लेन-देन की रिपोर्टिंग को और सख्त किए जाने के संकेत दिए गए हैं। इससे कर चोरी पर अंकुश लगेगा और कर प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी।

उन्होंने आगे कहा कि मजबूत कर संग्रह से सरकार के राजस्व में इजाफा होगा, जिसे भविष्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास में लगाया जा सकेगा।

कैपिटल एक्सपेंडिचर बढ़ाने पर जोर, रोजगार सृजन की संभावना

बजट 2026 में पूंजीगत व्यय (Capital Expenditure) बढ़ाने की घोषणा को आर्थिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। इससे इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को गति मिलने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है।
अधिवक्ताओं और आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही आम जनता को तुरंत नकद राहत न दिखे, लेकिन मजबूत आर्थिक ढांचा आने वाले वर्षों में स्थायी लाभ दे सकता है।

GST पर राहत, दरों में कोई बड़ा बदलाव नहीं

केंद्रीय बजट 2026–27 के बाद वस्तु एवं सेवा कर (GST) को लेकर आम जनता में उत्सुकता बनी हुई थी। हालांकि, विधिक और आर्थिक विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि इस बजट में GST दरों में कोई बड़ा प्रत्यक्ष बदलाव नहीं किया गया है। मौजूदा GST दर संरचना को यथावत रखा गया है, जिससे रोजमर्रा की वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों पर तत्काल कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

बढ़ता GST संग्रह, आर्थिक गतिविधियों का संकेत

हालिया आंकड़ों के अनुसार देश में GST संग्रह में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है, जिसे आर्थिक गतिविधियों के मजबूत होने का संकेत माना जा रहा है। बढ़ा हुआ कर संग्रह सरकार को बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण योजनाओं में अधिक निवेश की क्षमता प्रदान करता है। इसका अप्रत्यक्ष लाभ आम नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं, रोजगार के अवसरों और आर्थिक स्थिरता के रूप में मिल सकता है।


संबंधित आलेख: