• Home
  • News
  • Bumper UKSSSC recruitment drive: Online applications for 553 Group-C posts begin today—a fantastic opportunity for 12th-pass youth to secure a government job.

यूकेएसएसएससी भर्ती की बंपर सौगात: ग्रुप-सी के 553 पदों पर ऑनलाइन आवेदन आज से शुरू,12वीं पास युवाओं के पास सरकारी नौकरी का शानदार मौका

editor
  • Tapas Vishwas
  • September 08, 2026 03:09 PM
Bumper UKSSSC recruitment drive: Online applications for 553 Group-C posts begin today—a fantastic opportunity for 12th-pass youth to secure a government job.

देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बेहद बड़ी और खुशखबरी भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने इंटरमीडिएट (12वीं पास) स्तर की ग्रुप-सी (समूह 'ग') भर्ती परीक्षा का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 553 खाली पदों को भरा जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की खिड़की मंगलवार (8 सितंबर 2026) से आधिकारिक रूप से खोल दी गई है।

प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 12वीं पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग  ने इंटरमीडिएट स्तर के ग्रुप-सी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की ओर से विभिन्न विभागों में कुल 553 पदों पर भर्ती निकाली गई है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हो रही है, जबकि अभ्यर्थी 7 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। इस भर्ती में सबसे बड़ा हिस्सा कनिष्ठ सहायक के पदों का है। विभिन्न विभागों में कनिष्ठ सहायक के 420 पद रखे गए हैं। इसके अलावा पंजीकरण लिपिक, सहायक खनिज पर्यवेक्षक, सर्वे लेखपाल, कंप्यूटर सहायक सहित कई पदों पर युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा। भर्ती में कंप्यूटर सहायक के 9, कनिष्ठ सहायक/सह-आंकड़ा प्रविष्टि परिचालक के 3, वरिष्ठ सहायक का 1, पंजीकरण लिपिक के 55, टेलीफोन परिचालक का 1 और सहायक खनिज पर्यवेक्षक के 22 पद शामिल हैं। भूमि अधिग्रहण अमीन/निरीक्षक के 8, अहलमद एवं कैशियर के 2, भंडारपाल का 1, गृह माता के 3 और सर्वे लेखपाल के 16 पद हैं। इस तरह कुल 553 रिक्तियों पर चयन किया जाएगा। इन पदों के लिए अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट यानी 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। शैक्षणिक योग्यता उत्तराखंड/उत्तर प्रदेश बोर्ड अथवा किसी मान्यता प्राप्त समकक्ष बोर्ड से होनी चाहिए। कुछ पदों के लिए हिंदी टाइपिंग और कंप्यूटर संबंधी योग्यता भी निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की हिंदी टाइपिंग गति कम से कम 4,000 कुंजी दबाव प्रति घंटा होनी चाहिए अथवा उसके पास इसके समकक्ष कंप्यूटर प्रमाणपत्र होना जरूरी है। अधिसूचना में प्रादेशिक सेना में कम से कम दो वर्ष की सेवा, एनसीसी का ‘बी’ या ‘सी’ प्रमाणपत्र तथा स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री जैसी योग्यताओं को वांछनीय भी बताया गया है। अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 18 और अधिकतम 42 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि पर्यटन, सूचना, विधि अकादमी और भंडारपाल को छोड़कर अन्य पदों के लिए न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उत्तराखंड सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षा शामिल हैं। लिखित परीक्षा 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा होगी और अंतिम मेरिट तैयार करने में इसके अंकों को शामिल किया जाएगा। इसके बाद हिंदी टंकण कौशल परीक्षा होगी, जो अर्हकारी प्रकृति की होगी। इसमें निर्धारित टाइपिंग गति अथवा समकक्ष कंप्यूटर प्रमाणपत्र की आवश्यकता होगी। लिखित और कौशल परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद चिकित्सा परीक्षा होगी। ऑनलाइन आवेदन के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी से गलती हो जाती है तो उसे आवेदन में सुधार का मौका भी दिया जाएगा। 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक आवेदन में आवश्यक संशोधन किए जा सकेंगे। भर्ती परीक्षा की संभावित तारीख 15 नवंबर 2026 रखी गई है। उत्तराखंड निवासी सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उत्तराखंड मूल निवासी अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 150 रुपये निर्धारित है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी 150 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि अनाथ अभ्यर्थियों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। ऐसे में 12वीं पास वे युवा जो उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए 553 पदों की यह भर्ती महत्वपूर्ण अवसर है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले पदवार शैक्षणिक योग्यता और अन्य निर्धारित शर्तों को ध्यान से पढ़कर ही फॉर्म भरना चाहिए।
 


संबंधित आलेख: