उपचुनावः भाजपा ने की उम्मीदवारों के नामों की घोषणा! सपा के गढ़ मैनपुरी से रघुराज शाक्य को मैदान में उतारा, रामपुर से आकाश और खतौली से राजकुमार को बनाया प्रत्याशी
लखनऊ। यूपी में आगामी पांच दिसम्बर को होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा ने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। बता दें कि मैनपुरी लोकसभा सीट, रामपुर और खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। भाजपा ने सपा के गढ़ मैनपुरी लोकसभा सीट से से रघुराज शाक्य को प्रत्याशी घोषित किया है। रामपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव में आकाश सक्सेना को उम्मीदवार बनाया है जबकि मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट से राजकुमार सैनी को टिकट दिया गया है। मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य जसवंतनगर के खेड़ा धौलपुर गांव के रहने वाले हैं। उनका जन्म एक जुलाई 1968 को हुआ है। उनकी शिक्षा एमकाम है। इटावा लोकसभा से वे दो बार सांसद 1999 व 2004 में चुने गए थे। 2012 में वे इटावा विधान सदर के विधायक भी रहे हैं। समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रहे हैं। उन्हें प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का खास माना जाता है। रामपुर से आकाश सक्सेना इस वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी थे। इनके पिता शिव बहादुर सक्सेना मंत्री रहे हैं और चार बार विधायक भी रहे हैं। आकाश ने आजम खान पर कई मुकदमे भी कराए हैं। भड़काऊ भाषण (Hate Speech) देने के मामले में दोषी करार दिए गए सपा के वरिष्ठ नेता और रामपुर शहर सीट के विधायक मोहम्मद आजम खां (Azam Khan) की विधानसभा की सदस्यता (Assembly Membership) 28 अक्टूबर को समाप्त कर दी गई थी। इस मामले में गुरुवार 27 अक्टूबर को रामपुर की एमपी एमएलए कोर्ट ने उन्हें 3 वर्ष की सजा सुनाई थी। खतौली विधानसभा सीट से भाजपा ने राजकुमार सैनी को प्रत्याशी घोषित किया है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक विक्रम सिंह सैनी की विधानसभा की सदस्यता को मुजफफरनगर के दंगे में दोषी पाए जाने पर दो वर्ष कैद की सजा होने के बाद रद किया गया था। उत्तर प्रदेश विधानसभा सचिवालयल ने खतौली विधानसभा सीट को 11 अक्टूबर से रिक्त घोषित किया था। इन तीनों सीटों पर पांच दिसंबर को चुनाव होंगे और आठ दिसंबर को परिणाम आएंगे।