अंकिता भंडारी हत्याकांड पर विपक्ष पर बरसे कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी! बोले-मुद्दाविहीन विपक्ष कर रहा संवेदनशील मामले पर राजनीति
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के बहुचर्चित और संवेदनशील अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सूबे की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। रुद्रप्रयाग में वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उसे पूरी तरह मुद्दाविहीन करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के बीच उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा न होने के कारण विपक्ष इस दुखद और संवेदनशील घटना को राजनीतिक ढाल बनाकर अपनी सियासी रोटियां सेंकने का काम कर रहा है।
वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विपक्ष पर इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाते हुए उसे मुद्दाविहीन बताया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई ठोस विषय नहीं बचा है, इसलिए वह अंकिता हत्याकांड को लेकर राजनीति कर रहा है। मंत्री ने दावा किया कि इस मामले में सरकार ने शुरुआत से ही त्वरित कार्रवाई की और दोषियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषी करार दिए गए आरोपियों को न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है और वे अपनी सजा भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू होने के पहले ही दिन आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई थी। उनके मुताबिक, भारतीय न्यायिक इतिहास में यह एक विशेष घटना थी, जिसमें जांच के पहले दिन ही आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मंत्री ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद से उन्हें जमानत भी नहीं मिली है। सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपियों को कानून के दायरे में लाने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में न्यायिक प्रक्रिया के तहत दोषियों को सजा मिल चुकी है, इसके बावजूद विपक्ष बार-बार इसे राजनीतिक बहस का विषय बना रहा है। चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता से जुड़े विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय विपक्ष ऐसे मामलों को लेकर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जनता के बीच अपनी बात रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं मिल रहा, इसलिए वह अंकिता भंडारी हत्याकांड को फिर से उछालने का प्रयास कर रहा है। अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रदेश के सबसे संवेदनशील और चर्चित मामलों में रहा है। इस मामले को लेकर समय-समय पर राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों की ओर से सवाल उठाए जाते रहे हैं। ऐसे में कैबिनेट मंत्री का ताजा बयान राजनीतिक बहस को फिर तेज कर सकता है। मंत्री ने जहां आरोपियों को मिली सजा और सरकार की कार्रवाई को अपनी बात का आधार बनाया, वहीं विपक्ष पर मामले का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उनके इस बयान के बाद अब विपक्ष की प्रतिक्रिया पर भी नजर रहेगी। अंकिता हत्याकांड को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी का दौर एक बार फिर तेज होने के आसार हैं।