• Home
  • News
  • Case of Befriending a Woman While Concealing Identity: Caller Used a False Name; Commotion Ensues Upon Arrival at Her Home; Police Timely Intervene to Bring the Deteriorating Situation Under Control.

पहचान छिपाकर महिला से दोस्ती का मामला: नाम बदलकर किया फोन,घर पहुँचने पर मचा बवाल,पुलिस ने समय रहते बिगड़ती स्थिति को संभाला

editor
  • Tapas Vishwas
  • April 22, 2026 10:04 AM
Case of Befriending a Woman While Concealing Identity: Caller Used a False Name; Commotion Ensues Upon Arrival at Her Home; Police Timely Intervene to Bring the Deteriorating Situation Under Control.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद मुख्यालय के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर एक महिला से दोस्ती करने और उसके घर पहुँचने के मामले ने हड़कंप मचा दिया। युवक द्वारा खुद को हिंदू बताकर फोन पर बातचीत करने और असलियत सामने आने पर स्थानीय लोगों और हिंदूवादी संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर युवक को भीड़ के बीच से सुरक्षित निकाला और हिरासत में लेकर बड़ी अप्रिय घटना को टाल दिया।

जानकारी के अनुसार,खटीमा निवासी 19 वर्षीय सोहेल पुत्र सरफराज ने ट्रांजिट कैंप की एक महिला से फोन पर अपनी पहचान छिपाकर दोस्ती की थी। उसने अपना नाम बदलकर खुद को हिंदू बताया और काफी समय तक महिला से बातचीत करता रहा। लेकिन मामले में मोड़ तब आया जब 20 अप्रैल को सोहेल अचानक महिला के घर के बाहर पहुँच गया। उसे देख महिला दंग रह गई और जब उसकी असली पहचान मुस्लिम युवक के रूप में उजागर हुई, तो उसने तत्काल 'डायल 112' पर पुलिस को सूचना दी। महिला की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाने से उपनिरीक्षक कीर्ति भट्ट और उनकी टीम मौके पर पहुँची। पुलिस के पहुँचने से पहले ही मोहल्ले के लोग और संगठनों के कार्यकर्ता वहां एकत्र हो चुके थे। भीड़ के बीच घिरे सोहेल के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई हो रही थी। पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद उत्तेजित भीड़ को शांत कराया और सोहेल को हिरासत में लिया। अधिकारियों के अनुसार, यदि पुलिस पहुँचने में देरी करती, तो कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति पैदा हो सकती थी। हिरासत में लिए जाने के दौरान भी युवक का व्यवहार काफी आक्रामक रहा, जिसके बाद पुलिस ने उसे भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि युवक सोहेल के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले में एक दिलचस्प पहलू यह रहा कि महिला और उसके परिजनों ने बाद में पुलिस को एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें उन्होंने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने की बात कही है। हालांकि, पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी प्रक्रिया पूरी की। फिलहाल, क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा विवाद टल गया।
 


संबंधित आलेख: