चंपावतः महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की छह बालिका खिलाड़ी बीमार! मचा हड़कंप, अस्पताल में भर्ती
लोहाघाट। प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज छमनिया लोहाघाट में गुरुवार को छह बालिका खिलाड़ियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद कॉलेज के वार्डन और स्टाफ ने तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद सभी खिलाड़ियों की हालत सामान्य बताई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के निर्देशन में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञान प्रकाश और अन्य चिकित्सकों ने छह बालिकाओं का उपचार किया। डॉ. राठी ने बताया कि उपचार के बाद सभी की तबीयत ठीक है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर भी चार बालिका खिलाड़ियों को इसी तरह की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। उपचार के बाद उन्हें स्पोर्ट्स कॉलेज भेज दिया गया था। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, बालिकाओं ने अभिभावकों द्वारा लाए गए कुरकुरे और अन्य खाद्य सामग्री का सेवन किया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। हालांकि, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञान प्रकाश ने इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला नहीं बताया है। अस्पताल में बागेश्वर की लवली, देहरादून की अंबिका, पिथौरागढ़ की भावना, लोहाघाट की वंशिका, चमोली की वैष्णवी और चकराता की अदिति का उपचार किया गया। वार्डन कविता के मुताबिक सभी बालिकाएं अब स्वस्थ हैं और उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया था। डॉ. राठी ने बरसात के मौसम में बच्चों के खान-पान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस मौसम में बच्चों को ताजा भोजन और उबला हुआ पानी देना चाहिए तथा बाजार की खाद्य सामग्री का सेवन कम से कम कराया जाना चाहिए। मामले का जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने संज्ञान लिया है। उन्होंने चिकित्सकों से बालिकाओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली और कहा कि बच्चों की तबीयत किस कारण बिगड़ी, इसकी जांच की जाएगी। लोगों ने स्पोर्ट्स कॉलेज प्रबंधन से खिलाड़ियों के खान-पान और स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखने की मांग की है। उनका कहना है कि दूरदराज के क्षेत्रों से आई इन बालिकाओं के लिए कॉलेज स्टाफ ही अभिभावक की भूमिका निभाता है, इसलिए उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है।