• Home
  • News
  • Chaos ensued following an accident in front of Centrio Mall; 26-year-old Sachin suffered severe leg injuries, and a tea vendor was also injured.

सेंट्रियो मॉल के सामने हादसे से मची अफरातफरी, 26 वर्षीय सचिन का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त,चाय विक्रेता को भी लगी चोट

editor
  • Tapas Vishwas
  • August 18, 2026 12:08 PM
Chaos ensued following an accident in front of Centrio Mall; 26-year-old Sachin suffered severe leg injuries, and a tea vendor was also injured.

देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में सेंट्रियो मॉल के सामने सर्वे ऑफ इंडिया की पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में पासपोर्ट बनवाने आए 26 वर्षीय युवक के दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही डालनवाला थाना और हाथीबड़कला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को मलबे से बाहर निकाला। घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक टिहरी गढ़वाल के ग्राम रतौली निवासी सचिन पुत्र बलबीर सिंह मंगलवार को देहरादून में पासपोर्ट बनवाने आया था। वह सेंट्रियो मॉल के सामने इंतजार कर रहा था। इसी दौरान अचानक सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार भरभराकर उसके ऊपर आ गिरी। सचिन कुछ ही पलों में भारी मलबे के नीचे दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने हादसा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सचिन को मलबे से बाहर निकाला गया। हादसे में उसका बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल दून अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं। हादसे के दौरान दीवार के पास चाय का ठेला लगाने वाले 53 वर्षीय विनोद को भी चोटें आईं। हालांकि उनकी चोटें हल्की बताई जा रही हैं। अचानक दीवार गिरने से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय स्तर पर प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सर्वे ऑफ इंडिया की पुरानी दीवार कमजोर हो गई थी। बारिश के बीच अचानक दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। हालांकि दीवार गिरने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। लगातार बारिश के चलते राजधानी में पहले से ही कई स्थानों पर जलभराव, भूस्खलन और भवनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में पुरानी और जर्जर संरचनाएं लोगों के लिए जोखिम बन सकती हैं। कोतवाली डालनवाला प्रभारी नरेंद्र गहलावत ने बताया कि सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार गिरने से एक युवक घायल हुआ है। पुलिस ने रेस्क्यू कर उसे मलबे से बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से दून अस्पताल पहुंचाया। आपदा प्रबंधन टीम को भी मौके पर बुलाया गया और मलबा हटाने की कार्रवाई की गई। पुलिस की ओर से सर्वे ऑफ इंडिया के संबंधित अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई है। आसपास के हिस्से में सुरक्षा के लिहाज से स्थिति का जायजा लिया जा रहा है, ताकि कमजोर दीवार या अन्य हिस्से से दोबारा किसी तरह का हादसा न हो।बारिश के बीच व्यस्त इलाके में हुए इस हादसे ने शहर में पुरानी और कमजोर दीवारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।


संबंधित आलेख: