बद्रीनाथ से देहरादून आ रहा चार्टर्ड हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त: गढ़वाल कमिश्नर बोले- 'सर्च ऑपरेशन जारी,मलबे के अवशेष मिले
उत्तराखंड के उच्च हिमाचली क्षेत्र बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरने वाला एक चार्टर्ड हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया है। दोपहर करीब 2 बजे उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद जोशीमठ के पास 'मारवाड़ी' क्षेत्र में हेलीकॉप्टर का एटीसी (कंट्रोल रूम) से संपर्क टूट गया, जिसके बाद इसके लापता होने की सूचना से हड़कंप मच गया।
बदरीनाथ धाम से सहस्रधारा की ओर आ रहा एक चार्टर हेलीकॉप्टर मंगलवार को लापता हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। जोशीमठ के मारवाड़ी क्षेत्र के पास हेलीकॉप्टर का संपर्क नियंत्रण कक्ष से टूट गया। इसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। लापता हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए एसडीआरएफ, सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की टीमें तत्काल सक्रिय कर दी गईं। तलाशी अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर के कुछ अवशेष दिखाई देने की सूचना मिली है, जिससे दुर्घटना की आशंका गहरा गई है। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि हेलीकॉप्टर दोपहर करीब दो बजे बदरीनाथ से सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान जोशीमठ के मारवाड़ी क्षेत्र के पास उसका नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया। कुछ देर तक संपर्क स्थापित नहीं होने पर हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिली। इसके बाद संबंधित विभागों और बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया गया। आयुक्त के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है। सभी पांच यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी के जवानों को मौके की ओर रवाना किया गया। पैदल तलाशी दल भी घटनास्थल की ओर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की ओर से भी तलाशी के लिए हेलीकॉप्टर भेजा गया था। हवाई खोज के दौरान हेलीकॉप्टर के कुछ अवशेष दिखाई दिए हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हेलीकॉप्टर के साथ वास्तव में क्या हुआ और उसमें सवार लोगों की स्थिति क्या है। गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि पैदल तलाशी दल की रिपोर्ट मिलने के बाद ही हादसे के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल बचाव और खोज अभियान जारी है। बदरीनाथ जैसे दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में हेलीकॉप्टर का संपर्क टूटने और उसके अवशेष दिखाई देने की सूचना से चिंता बढ़ गई है। अब सभी की नजरें बचाव दलों की रिपोर्ट पर टिकी हैं। प्रशासन की प्राथमिकता हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों का पता लगाना और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करना है।