उत्तराखण्ड पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार! उत्तरकाशी में भारत-चीन सीमा से सटे पोलिंग बूथों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी
उत्तरकाशी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार उत्तराखण्ड के दौरे पर हैं और पहले दिन शनिवार को वह सीमांत जनपद उत्तरकाशी पहुंचे। भारत-चीन सीमा से सटे दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में चुनावी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के उद्देश्य से उनका यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सीमांत क्षेत्रों में स्थापित पोलिंग बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं, संचार नेटवर्क, सुरक्षा प्रबंध और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के सीमांत क्षेत्र स्थित झाला हेलीपैड पहुंचने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, एडीएम मुक्ता मिश्र सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने पौध भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद वह अधिकारियों के साथ भारत-चीन सीमा से सटे संवेदनशील क्षेत्र हर्षिल के लिए रवाना हुए। दौरे के दौरान सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अमले की सक्रियता भी साफ नजर आई। हर्षिल पहुंचकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सीमांत क्षेत्र में स्थापित पोलिंग बूथ का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, संचार व्यवस्था, मतदान कर्मियों की पहुंच, सुरक्षा प्रबंधन तथा दुर्गम क्षेत्रों में चुनाव संचालन से जुड़ी चुनौतियों का जायजा लिया। अधिकारियों से बातचीत के दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के संबंध में फीडबैक लिया। बता दें कि उत्तरकाशी देश के उन संवेदनशील सीमांत जिलों में शामिल है, जहां कई पोलिंग बूथ दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित हैं। यहां भारी बर्फबारी, प्रतिकूल मौसम और सीमित संसाधनों के बीच चुनाव संपन्न कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहता है। ऐसे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का स्वयं सीमांत क्षेत्रों में पहुंचकर जमीनी हालात का आकलन करना चुनाव आयोग की गंभीरता को दर्शाता है। निरीक्षण के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त का विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम पहुंचने का भी कार्यक्रम है। यहां वह यात्रा व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और स्थानीय प्रशासन की तैयारियों का जायजा लेंगे। उनके दौरे को लेकर पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क नजर आईं।