हिमालय दिवस पर मुख्यमंत्री की अपील! बोले- इकोलॉजी और इकोनॉमी में समन्वय जरूरी! हिमालय हमारी पहचान और जीवन रेखा है, संरक्षण हम सभी का दायित्व

देहरादून। उत्तराखंड सीएम धामी ने हिमालय के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताते हुए कहा कि हिमालय हमारी पहचान, संस्कृति और जीवन रेखा है। हिमालय न केवल भारत बल्कि विश्व की बहुत बड़ी आबादी को प्रभावित करता है। जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से हिमालय को सुरक्षित रखना हम सबका दायित्व है। हिमालय दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामना देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में सामाजिक विकास की आवश्यकता के दृष्टिगत हमें इकालोजी एवं इकोनामी में समन्वय के साथ कार्य करना होगा। भावी पीढ़ियों के लिए हिमालय की सुंदरता तथा जैव विविधता को संरक्षित रखना हम सबका दायित्व है। हिमालय हमारे जीवन से जुड़ा विषय होने के नाते इसके संरक्षण का दायित्व भी हम सभी का है। साथ ही कहा कि पर्यावरण संरक्षण उत्तराखंड वासियों के स्वभाव में है। हरेला जैसे पर्व, प्रकृति से जुड़ने की हमारे पूर्वजों की दूरगामी सोच का परिणाम है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरण में हो रहे बदलावों, ग्लोबल वार्मिंग के साथ ही जल, जंगल, जमीन से जुड़े विषयों पर समेकित चिंतन की जरूरत बताते हुए कहा कि सामाजिक चेतना तथा सामूहिक प्रयासों से ही हम इस समस्या के समाधान में सहयोगी बन सकते हैं।