बाज नहीं आ रहा चीन, सीमा विवाद को लेकर भारत-चीन सैनिकों में झड़प
नई दिल्ली। चीन अपनी ओछी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। सूत्रों की मानें तो पिछले हफ्ते अरुणाचल सेक्टर में भारतीय जवानों की चीन के सैनिकों से झड़प हो गई थी। पेट्रोलिंग के दौरान सीमा विवाद को लेकर दोनों देशों के सैनिक आमने-सामने हो गए थे और कुछ घंटों तक यह सिलसिला चला था। इसमें भारतीय जवानों को कोई नुकसान नहीं हुआ और प्रोटोकॉल के मुताबिक बातचीत से विवाद सुलझा लिया गया। सूत्रों की मानें तो अरुणाचल प्रदेश में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर चीन के 200 सैनिक तिब्बत की तरफ से भारतीय सीमा में घुस आए थे, जिन्हें भारतीय जवानों ने खदेड़ दिया। कुछ चीनी सैनिकों को हिरासत में लिए जाने की भी खबर है। बता दें लद्दाख में चीन की घुसपैठ और भारतीय जवानों से झड़प की खबरें आती रहती हैं, लेकिन अरुणाचल प्रदेश में झड़प की खबर लंबे समय बाद आई है। इससे जाहिर है कि चीन ने अरुणाचल में फिर से अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। आपको यह भी बता दें कि करीब 9 महीने पहले एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चीन ने अरुणाचल में भारत की सीमा से साढ़े चार किलोमीटर अंदर एक गांव बसा लिया है। इसमें 100 से ज्यादा घर बनाए गए हैं। यह गांव सुबनसिरी जिले में सारी चु नदी के किनारे बसाया गया है। यह लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल के पास का एरिया है। US बेस्ड इमेजिंग कंपनी प्लेनेट लैब्स ने इसकी तस्वीरें जारी की थीं।