महिला आरक्षण पर तकरार: नैनीताल में भाजपा महिला मोर्चा का प्रचंड प्रदर्शन, फूंका कांग्रेस का पुतला
नैनीताल। 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को लेकर देश में मचे सियासी घमासान की गूँज अब सरोवर नगरी नैनीताल तक पहुँच गई है। कांग्रेस द्वारा महिला आरक्षण बिल का विरोध किए जाने के खिलाफ शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया। नैनीताल के प्रसिद्ध पंत पार्क में बड़ी संख्या में जुटी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस का पुतला दहन किया।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में आरक्षण का प्रावधान करने वाला 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' एक ऐतिहासिक कदम है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांग्रेस द्वारा इस बिल का विरोध करना यह दर्शाता है कि उनकी मानसिकता सदैव महिला विरोधी रही है। प्रदर्शनकारियों ने हुंकार भरते हुए कहा कि आजादी के इतने दशकों बाद भी संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की हिस्सेदारी नाममात्र की रही है। प्रधानमंत्री मोदी इस विसंगति को दूर कर महिलाओं को देश के विकास की मुख्यधारा में लाना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस की बाधा डालने वाली राजनीति उनकी संकीर्ण सोच को उजागर कर रही है। भाजपा नेत्री ने कहा, "कांग्रेस नहीं चाहती कि देश की बेटियां और महिलाएं आगे बढ़कर नेतृत्व करें। यह विरोध केवल एक बिल का नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के हक का विरोध है।" पंत पार्क में हुए इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस ने महिला सशक्तिकरण की राह में रोड़े अटकाना बंद नहीं किया, तो यह आंदोलन और उग्र होगा। प्रदर्शन के दौरान "नरेंद्र मोदी जिंदाबाद" और "नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वालों को जनता देगी जवाब" जैसे नारों से माहौल गरमाया रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और संगठन की वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहीं।