झारखंड में बादलों का डेरा: रांची समेत 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी, 4 डिग्री तक गिरेगा पारा
रांची। झारखंड में मानसून ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है और अब वह अपने पूरे शबाब पर है। बंगाल की खाड़ी में बने एक गहरे निम्न दबाव (डिप्रेशन) के असर से पूरे राज्य में मानसूनी हवाएं पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 6 जुलाई से लेकर 9 जुलाई तक राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का 'ऑरेंज/येलो अलर्ट' जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सक्रिय सिस्टम के कारण अगले 24 घंटे के भीतर राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर एक गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इस शक्तिशाली वेदर सिस्टम का सीधा असर झारखंड के वायुमंडल पर दिख रहा है। इसी के प्रभाव से रविवार को भी राज्य के लगभग सभी जिलों में दिनभर रुक-रुक कर झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन से चार दिनों तक यह सिस्टम झारखंड में भारी बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति बनाए रखेगा। मौसम केंद्र ने सोमवार, 6 जुलाई को राज्य के आठ प्रमुख जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की विशेष चेतावनी जारी की है। ये जिले रांची,गुमला,लोहरदगा,लातेहार,गढ़वा,पलामू,चतरा,हजारीबाग है। इसके बाद, 7 से 9 जुलाई तक संताल परगना के जिलों, राजधानी रांची और इसके आस-पास के क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर भारी मूसलाधार बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों को खराब मौसम और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान भी मानसून की अच्छी गतिविधियां देखने को मिली हैं। इस अवधि में पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 50.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हटगम्हरिया में 32.6 मिमी, गुड़ाबांधा में 27.2 मिमी, मझगांव में 25.4 मिमी और रांची एयरपोर्ट मौसम केंद्र पर 12.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में डालटनगंज 35.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि बोकारो में 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और चाईबासा में 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार हो रही इस बारिश से न केवल तापमान स्थिर रहेगा, बल्कि किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं।