गैरसैंण पहुंचे सीएम धामी और विधानसभा अध्यक्ष, शाम को होगी विधानमंडल दल की बैठक
गैरसैंण। सोमवार से शुरू हो रहे बजट सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ॠतु भूषण खंडूरी आज भराड़ीसैंण पंहुच गयी हैं। विधानसभा परिसर पहुंचने पर उन्हें पुलिस गार्ड आफ आनर दिया गया। यहां पंहचने पर उन्होंने विधान सभा मंडप सहित पूरे परिसर का जायजा लिया। जिसके बाद उन्होंने विधानसभा परिसर के एक हाल में स्थापित आधुनिक जिम का भी निरीक्षण किया। भराड़ीसैण में चल रहे मिडिया हाऊस ओर महिला कर्मचारी हास्टल के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बेहतर गुणवत्ता के साथ जल्द कार्य पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। आयोजित बजट सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सत्र महत्वपूर्ण होने वाला है। कल राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र की शुरुवात हो जायेगी। इसके साथ ही बजट पेश किया जायेगा। उन्होंने बताया की अब तक 38 विधायकों के लगभग 600 सवाल आये हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी साढ़े चार बजे भराड़ीसैण पहुंच चुके हैं। इस दौरान पुलिस दल ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुख्यमंत्री सहित तमाम विधायकों का भी भराड़ीसैण पहुंचने का सिलसिला जारी है। आज देर शाम विधानमंडल दल की बैठक भी आयोजित होनी है। जिसमें कल आयोजित होने वाले बजट सत्र को सुचारू रूप से चलाये जाने सहित तमाम बातों को लेकर चर्चा की जाएगी। दूसरी और बजट सत्र के लिए शासन प्रशासन द्वारा सभी सुरक्षा व्यवस्थाऐं चाक चौबंद कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा भराडीसैंण में ब्रीफिंग की गई। जिलाधिकारी गौरव कुमार विभागीय अधिकारियों सहित पुलिस विभाग की बिर्फिंग में शामिल रहे। एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया वीआईपी के आगमन को लेकर ब्रीफिंग की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 5 कंपनी पीएसी व एक कम्पनी व प्लाटून सलामी के लिए लगाया गया है। संभावित धरना प्रदर्शनों को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौंबद रखी गयी है। जिसको देखते हुए दिवालीखाल में दो, सारकोट में एक, जंगलचट्टी में एक, कालीमाटी के समीप दुगमुतासैंण में एक बैरियर बनाया गया है। एहतियातन मेहलचौरी ओर जंगलचट्टी में एक एक अस्थायी जेल का निर्माण करवाया गया है।