• Home
  • News
  • CM Dhami distributed assistance checks to the beneficiaries of various public welfare schemes

सीएम धामी ने विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किये सहायता चेक

editor
  • Awaaz24x7 Team
  • June 29, 2023 08:06 AM
CM Dhami distributed assistance checks to the beneficiaries of various public welfare schemes

हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नेहरू स्टेडियम रूड़की में आयोजित भारत सरकार व राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार गरीबों को समर्पित है। गरीब की आवश्यकताओं को भली भांति समझती है इसलिए हमारी सरकार योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए दिन-रात काम कर रही है। इसी का परिणाम है जो आज इतनी बड़ी संख्या में आप सभी यहां एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश में पहले जहां शोषितों और वंचितों का तुष्टिकरण होता था, वहीं अब शोषितों और वंचितों का सशक्तिकरण हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों को सभी मापदंडों पर तोलकर हम कह सकते हैं, हमारे देश ने इन 9 वर्षों में हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। आज सारी दुनिया हमारे देश और हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी का लोहा मान रही है। वर्ष 2014 में देश की जनता ने आदरणीय मोदी जी पर अपना भरोसा जताया था, और आज जनता के इसी भरोसे ने 2014 से 2023 के नौ वर्षों की अवधि में देश की ’’समृद्धि रूपी’’ रेल गाड़ी को ’’विकास रूपी पटरियों’’ पर तेजी से दौड़ाने का कार्य किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में 2024 से 2029 का समय भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने के मार्ग को प्रशस्त करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक, निःशुल्क खाद्यान्न से लेकर निशुल्क इलाज तक, किसानों के विकास से लेकर गरीबों के आवास तक, सेना के आधुनिकीकरण से लेकर सीमाओं की सुरक्षा तक, प्रत्येक नागरिक को वैक्सीन पहुंचाने से लेकर हथियार और मोबाइल उत्पादन तक हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किये हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने विभिन्न रोजगार मेलों का आयोजन कर दस लाख लोगों को रोजगार देने का कार्य भी प्रारंभ किया है। तीन तलाक का खात्मा, धारा 370 जैसे काले कानून की समाप्ति, अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण,काशी विश्वनाथ के भव्य कॉरिडोर निर्माण, बद्रीनाथ और केदारनाथ धामों का पुनर्निर्माण ये कुछ ऐसे महत्वपूर्ण कार्य हैं जिनको आने वाली पीढ़ियां भी हमेशा याद रखेंगी।

उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर देश में आतंकवादी, नक्सलवादी और उग्रवादी गतिविधियों में भी उल्लेखनीय कमी आई है। आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और हमारे द्वारा प्रारंभ की गई न्च्प् जैसी कई योजनाओं को पश्चिमी देश हाथों हाथ ले रहे हैं। प्रधानमंत्री जी से प्रेरणा पाकर और उनके ही मार्गदर्शन में, उत्तराखंड में भी विकास के एक नए युग का सूत्रपात हो चुका है। प्रधानमंत्री जी द्वारा हम पर दिखाए गए इस विश्वास को हम अवश्य ही साकार करेंगे। हमने ऐसे मुद्दों का निस्तारण किया, जिन्हें पूर्व की सरकारों ने दरकिनार कर दिया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा अंत्योदय परिवारों को तीन गैस सिलेंडर देने हों, प्रदेश की महिलाओं के लिये क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था को लागू करनी हो, समान नागरिक आचार संहिता का मसौदा तैयार करना हो, जबरन धर्मांतरण पर रोक के लिये कानून बनाना हो, लैंड जिहाद और लव जिहाद को रोकने के लिए उठाए गए कड़े कदम हों, देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून बनाना हो, आंदोलनकारियों को आरक्षण देना हो, या फिर हाल ही में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे प्रदेश के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति देने के लिए उठाए गए कदम हों। हमने इन सभी महत्वपूर्ण कार्यों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेकों कार्य किये जा रहे हैं। प्रदेश में हर स्तर पर कनेक्टिविटी को सुधारा जा रहा है, उद्योगों के विकास पर बल दिया जा रहा है और भविष्य की आवश्यकताओं को केंद्र में रख कर नीतियां बनाई जा रही हैं। हमारे शहर अब तेजी से आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बन रहे हैं और इसी के देखते हुए हम निरंतर अपने शहरों को भविष्य के लिए तैयार करने का प्रयास भी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 में आने वाला चुनाव दो राजनीतिक संस्कृतियों के बीच का है, एक संस्कृति भाजपा की है, जहां हर काम लोकतांत्रिक तरीके से होता है ओर दूसरी संस्कृति कांग्रेस समेत अन्य दलों की है, जहां हर काम वंशवाद के आधार पर तय होता है। आज खुद का अस्तित्व बचाने के लिए कांग्रेस छोटे-छोटे दलों का सहारा ढूंढ रही है, छोटे-छोटे दलों की बिखरी हुई ताकत के भरोसे वो फिर से अपनी जिंदगी ढूंढ रही है, ये मिलावट सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस को जीवित रखने के लिए हो रही है। वो लोग जो कभी एक दूसरे की आंख से आंख नहीं मिलाते थे आज एक दूसरे के साथ मंच साझा कर रहे हैं, गले मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओ का आह्वान किया कि विपक्ष आपको नकारात्मक दिशा की ओर ले जाने की कोशिश करेगा, लेकिन आपको उनके बहकावे में नहीं आना है, हमेशा सकारात्मक बातें ही करें और हमारे पास सकारात्मक बातें करने के लिए बहुत कुछ है। विरोधियों का एक ही मकसद है कि हमारी गति और प्रगति रुक जाए, उसके इस मकसद के सामने हमें दीवार बनकर दिखा देना है कि न ये देश रुकेगा, न ही देश की प्रगति थमेगी और न हमारी पार्टी रुकेगी। हमारी पार्टी एक कैडर बेस्ड पार्टी है, इसलिए पार्टी और सरकार दोनों के लिए कार्यकर्ताओं का फीडबैक अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी के आधार पर सरकारी योजनाओं को जमीन पर साकार करना आसान होता है, जो हम मौजूदा कार्यकाल में लगातार करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के इस अमृतकाल में हमारे इस ‘विकल्प रहित संकल्प’ को आप सभी के एकनिष्ठ प्रयासों के बिना सिद्ध नहीं किया जा सकता है। सभी से सब जुटें, सब जुड़ें और सब मिल कर आगे बढ़ें का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी से प्रदेश के विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति में सहयोगी बनने की भी अपेक्षा की।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत लाभार्थियों को आवासों की प्रतीकात्मक चाबी भेंट की तथा कृषि विभाग, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, मत्स्य विभाग, सहकारिता विभाग, मुख्यमंत्री वात्सत्य योजना के तहत लाभार्थियों को अलग राशियों के चेक भेंट किये।

इस अवसर पर सांसद डॉ0 रमेश पोखरियाल निशंक, राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ0 प्रेम चन्द्र अग्रवाल, सुबोध उनियाल, हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक, विधायक रूडक़ी प्रदीप बत्रा, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, जिला पंयायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानन्द, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, कुंवर प्रणव चौम्पियन, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह सहित सम्बन्धित पदाधिकारी/अधिकारीगण उपस्थित थे।


संबंधित आलेख: