• Home
  • News
  • CM Dhami listened to PM Modi's 'Mann Ki Baat' alongside young girls, then interacted with female students, stating: "Small efforts lay the foundation for major change."

सीएम धामी ने बालिकाओं के साथ सुनी पीएम मोदी के मन की बात,फिर किया छात्राओं से संवाद,बोले- छोटे प्रयास ही बनते हैं बड़े बदलाव की नींव

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 31, 2026 02:05 PM
CM Dhami listened to PM Modi's 'Mann Ki Baat' alongside young girls, then interacted with female students, stating: "Small efforts lay the foundation for major change."

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्राओं के साथ संवाद भी किया और उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच, अनुशासन तथा निरंतर प्रयासों के महत्व का संदेश दिया।

‘मन की बात’ कार्यक्रम के प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विभिन्न प्रेरणादायक प्रसंगों और संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ आज केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त जनआंदोलन बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की कहानियों को सामने लाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर देश को जागरूक कर रहे हैं। इन संदेशों का प्रभाव समाज के हर वर्ग पर दिखाई देता है और यही प्रयास देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी अनेक लोग प्रधानमंत्री की प्रेरणा से समाज और पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे लोगों को पहचान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं बल्कि आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से संभव होता है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा भीषण गर्मी को लेकर दिए गए संदेश का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा लू से बचाव के उपाय अपनाने का आह्वान किया है। साथ ही पारंपरिक और देसी पेय पदार्थों को अपनाने तथा आम सहित भारतीय फलों के सेवन को बढ़ावा देने की बात कही है। यह संदेश वर्तमान समय में लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री ने छात्राओं से सीधे संवाद किया और ‘मन की बात’ कार्यक्रम के बारे में उनकी राय जानी। छात्राओं ने भी कार्यक्रम से मिली प्रेरणा और अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में किए गए छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास ही आगे चलकर बड़े बदलावों की नींव बनते हैं। जब कोई व्यक्ति ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अच्छा कार्य करता है तो वह दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन जाता है। ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की दिशा दिखाते हैं। मुख्यमंत्री ने छात्राओं से अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ उन्हें प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड की बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य तथा देश का नाम रोशन करेंगी। कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और छात्राओं ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद को प्रेरणादायक बताया।
 


संबंधित आलेख: