• Home
  • News
  • CM Dhami steps in regarding the Keshav Negi case; speaks with the Delhi Chief Minister and receives assurance of an impartial investigation.

केशव नेगी मामले में सक्रिय हुए सीएम धामी, दिल्ली की मुख्यमंत्री से की बात,निष्पक्ष जांच का मिला भरोसा

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 07, 2026 01:06 PM
CM Dhami steps in regarding the Keshav Negi case; speaks with the Delhi Chief Minister and receives assurance of an impartial investigation.

देहरादून। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में उत्तराखंड निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद मामला अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। प्रदेशभर में मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं हस्तक्षेप करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बातचीत की और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री धामी ने रविवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री से मामले के सभी पहलुओं पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से उन्हें आश्वस्त किया गया है कि जांच पूरी तरह तथ्यों, साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी मामले में सत्य सामने आना बेहद जरूरी है और न्याय की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली सरकार और जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से जांच कर मामले की वास्तविकता को सामने लाएंगी। इस बीच मुख्यमंत्री धामी ने केशव नेगी की पुत्री कनिष्का नेगी से भी दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने परिवार की चिंता को समझते हुए हरसंभव सहयोग और सहायता का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार परिवार के संपर्क में है और जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखंड सरकार देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के हितों और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रवासी उत्तराखंडी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ता है तो राज्य सरकार उसके साथ खड़ी रहेगी और आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। मालवीय नगर अग्निकांड के बाद केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर उत्तराखंड के विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में भी इस घटनाक्रम पर नजर बनी हुई है। फिलहाल सभी की निगाहें जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हैं। परिवार और समर्थकों को उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और न्याय सुनिश्चित होगा।


संबंधित आलेख: