• Home
  • News
  • CM Dhami Takes the Field: Boosts Players' Morale by Playing Table Tennis; Grand Kick-off to the National Championship

मैदान में उतरे सीएम धामी: टेबल टेनिस खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह,नेशनल चैंपियनशिप का भव्य आगाज

editor
  • Tapas Vishwas
  • April 15, 2026 01:04 PM
CM Dhami Takes the Field: Boosts Players' Morale by Playing Table Tennis; Grand Kick-off to the National Championship

देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में बुधवार को 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शानदार शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने न केवल इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का उद्घाटन किया, बल्कि खुद टेबल टेनिस टेबल पर उतरकर हाथ में बल्ला थामा और खिलाड़ियों के साथ खेलकर उनके भीतर जीत का जोश भरा। यह पहला मौका है जब उत्तराखंड को इस उच्च स्तरीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी का अवसर मिला है।

खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का क्षण है। उन्होंने भारतीय टेबल टेनिस महासंघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "खेल केवल हार-जीत की प्रतिस्पर्धा नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, धैर्य और टीम भावना जैसे जीवन-मूल्यों को सिखाकर व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम बनता है।" उन्होंने युवाओं से कहा कि वे केवल अपने राज्य का नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी मेहनत और संकल्प ही देश को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। मुख्यमंत्री ने टेबल टेनिस की बारीकियों पर चर्चा करते हुए कहा कि यह खेल गति, संतुलन और मानसिक मजबूती का अद्भुत समन्वय है। यह खिलाड़ियों को त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और रणनीतिक सोच सिखाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि 'खेलो इंडिया' और 'फिट इंडिया' जैसे अभियानों ने देश में एक नई खेल संस्कृति को जन्म दिया है, जिससे भारतीय खिलाड़ी आज दुनिया भर में अपनी धाक जमा रहे हैं। राज्य सरकार उत्तराखंड को एक 'स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन' के रूप में विकसित कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से प्रदेश के स्थानीय उदीयमान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के एथलीटों से सीखने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उद्घाटन समारोह के दौरान स्टेडियम का माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा, जब मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ रैलियां खेलीं।
 


संबंधित आलेख: