सीएम धामी का लखनऊ दौरा विधानसभा चुनाव में होगा अहम साबित
देहरादून। प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दो दिवसीय दौरे पर उत्तरप्रदेश पहुंचे हैं। विधानसभा चुनाव 2022 से पहले धामी का यह दौरा चुनाव में काफी अहम साबित हो सकता हैं। बुधवार को उत्तरप्रदेश पहुंचे सीएम धामी ने सबसे पहले लखनऊ में स्थित राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की और स्मृति चिन्ह के रूप राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को भगवान केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति तथा रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया। वहीं इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी मुख्यमंत्री धामी को शॉल और लोकहित के मुखर स्वर तथा वो मुझे हमेशा याद रहेंगे नामक पुस्तके भेंट की।
जिसके बाद मुख्यमंत्री धामी उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे जहां दीक्षित ने सीएम धामी को शाल व विधान सभा का मोमेंटो भेंट किया।
इस दौरान सीएम धामी ने कहा की लखनऊ से उनका खास लगाव हैं क्योंकि उनका विद्यार्थी जीवन लखनऊ में ही बीता। मुख्यमंत्री धामी ने अपनी लखनऊ विश्विद्यालय से जुड़ी यादों को ताज़ा करते हुए बताया की लखनऊ प्रवास के बीच उनकी विश्व संवाद केन्द्र में विधानसभा अध्यक्ष नारायण दीक्षित से भेंट होती रहती थी। जिनसे उन्हें राजनैतिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मामलों में मार्गदर्शन मिलता रहा।
नारायण दीक्षित से मुलाकात के बाद सीएम धामी ने हनुमान सेतु स्थित श्री हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली व तरक्की की कामना की।
हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना के बाद सीएम धामी लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में पहुंचे जहां उनका छात्रों ने भव्य स्वागत किया इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों को संबोधित कर उनका मार्गदर्शन किया।
वहीं गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर दोनों राज्यों के बीच 21 साल से लंबित संपत्ति के वितरण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इस दौरान उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा ,कानून मंत्री व लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष बृजेश पाठक, पूर्व अध्यक्ष सरोज तिवारी, पूर्व अध्यक्ष दयाशंकर सिंह समेत तमाम पूर्व अध्यक्ष मौजूद रहें।